धनगढ़ी (नेपाल)। पलिया से एक बस में बंगलूरू जा रहे एक नेपाली युवक की रास्ते में ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद नाराज परिजन ने ट्रैवल्स एजेंसी पर हंगामा शुरू कर दिया। ईंट-पत्थरों के साथ एजेंसी में जमकर तोड़फोड़ की।
कैलाली जिला पुलिस डीएसपी प्रतीक बिष्ट ने बताया कि चार अगस्त को धनगढ़ी बस स्टैंड स्थित एक टूर एंड ट्रैवल्स एजेंसी से जिले के जानकी गांव दुर्गोली गांव निवासी 33 वर्षीय पशुपति आचार्य ने बंगलूरू के लिये टिकट बुक कराया था। इसके बाद ट्रैवल्स एजेंसी के लोगों ने पलिया से उनको एक निजी बस से बंगलूरू रवाना किया था, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही रास्ते में अज्ञात कारणों से युवक की मौत हो गई। खबर मिलने के बाद गुस्साए परिजन एजेंसी पर आकर हंगामा करने के साथ ही ईंट पत्थर चलाने लगे। काफी तोड़फोड़ भी की। सूचना के बाद आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।
ट्रैवल्स एजेंसी के मालिक दीपक ने बताया कि उक्त युवक बस से कूद गया था, घायल होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उक्त युवक का शव गौरीफंटा बार्डर से परिजन नेपाल ले गए हैं।