बर्दिया राष्ट्रीय निकुंज पार्क के गेरूवा गांव पालिका की घटना
विज्ञापन
तीन सालों में बाघ के हमले में 20 लोग गवां चुके हैं जान
धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाल के बर्दिया राष्ट्रीय निकुंज पार्क के गेरूवा गांव पालिका के तहत जंगल में पशु चराने गए नेपाली नागरिक को बाघ ने हमलाकर जान से मार डाला। यहां बता दें कि बाघ के हमले में बीते तीन सालों में 20 लोग मारे जा चुके हैं।
बर्दिया राष्ट्रीय निकुंज पार्क के वार्डेन आसीम कुमार थापा ने बताया कि पार्क क्षेत्र के पूर्व पश्चिम गेरूवा गांव पालिका वार्ड चार के ढुकुनिया गांव के पास मंगलवार शाम पांच बजे जंगली क्षेत्र में पशु चराने गए जनक बहादुर थारू पर बाघ ने हमला कर दिया। बाघ नेपाली नागरिक को खींचकर जंगल में ले गया और जान से मार डाला। इसकी सूचना पार्क की ओखरिया वन चौकी व बंजरिया चौकी को हुई। इसके बाद वनकर्मियों ने पुलिस व नेपाली सेना के जवानों के साथ हाथियों पर जाकर शव तलाशना शुरू किया।
मंगलवार देर रात करीब 11 बजे गेरूवा नदी के पास जंगल में शव पड़ा मिला। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि बर्दिया राष्ट्रीय निकुंज पार्क क्षेत्र में पिछले तीन सालों में बाघ के हमले में 20 लोगों की मौत हो चुकी है।