मोहम्मदी के बिलाल हसन ने लिखी है स्क्रिप्ट
क्षेत्र की पावन गोमती नदी के तट पर स्थित महाभारत कालीन बाबा टेढ़ेनाथ धाम की महिमा सोनी चैनल के ‘मन में विश्वास है’ सीरियल के माध्यम से देश तथा विदेश में हो रही है जिसका श्रेय मोहम्मदी के ही बिलाल हसन को जाता है।
टेढ़ेनाथ धाम के नाम से प्रसिद्ध शिव मंदिर का अपना अलग ही स्थान है। मान्यता है कि महाभारत काल में इस मंदिर की स्थापना अर्जुन ने की थी। जनपद में यह मंदिर काफी प्रसिद्ध है और दूर दूर से श्रद्धालु यहां दर्शन को आते हैं। पहली बार बाबा टेढ़ेनाथ धाम की महिमा देश-विदेश में हो पाई है। सोनी चैनल पर प्रसारित धारावाहिक ‘मन में विश्वास है’ से पूरे भारत के लोग इस मंदिर के बारे में जान गए हैं और इसका श्रेय जाता है मोहम्मदी के बिलाल हसन (हारिस) को। इस समय वे मुंबई में प्रमुख चैनल्स के लिए लिख रहे हैं। बिलाल टीवी पर फियर फाइल्स, लाइफ ओके पर सावधान इंडिया, बिंदास चैनल पर यह है आशिकी और सोनी चैनल पर मन में विश्वास है सीरियल की स्टोरी, स्क्रीन प्ले, डॉयलॉग लिख रहे हैं।
मन में विश्वास है में जैसे ही मौका मिला उन्होंने मोहम्मदी की कहानी लिखी और टेढ़ेनाथ बाबा की महिमा को एक एपीसोड में लिखकर यहां के प्राचीन मंदिर का प्रचार इस सीरियल के माध्यम से पूरे देश में किया।
उन्होंने बताया कि टेढ़ेनाथ धाम की महिमा का प्रसारण सोनी टीवी पर 30 मई को शाम सात बजे मन में विश्वास है कार्यक्रम में किया गया था। बिलाल हसन उर्फ हारिस हसन की इस उपलब्धि पर मोहम्मदी में उनके पापा रियाज हुसैन, मम्मी उमरा, बहन नसरा और मारिया के अलावा फूफी असमां परवीन प्रधानाध्यापिका नगर क्षेत्र मोहम्मदी खासी खुश हैं। बिलाल ने अमर उजाला को बताया कि अगले क्रम में गोला गोकर्णनाथ के प्राचीन शिव मंदिर की महिमा का बखान करेंगे।