बांकेगंज। शुक्रवार की शाम और शनिवार की सुबह तेज हवा के साथ हुई बारिश से किसानों की फसलों नुकसान पहुंचा है। किसानों के मुताबिक, बारिश से खेतों में कटी पड़ी सरसों के अलावा खोदा गया आलू प्रभावित हुआ है। वहीं इस बारिश से आम की बौर भी प्रभावित हुई है।
क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि इस साल कई बार बेमौसम हुई बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में पककर तैयार खड़ी सरसों, आलू, शाक-भाजी, टमाटर, मटर आदि फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। इस समय किसानों के खेतों में पककर तैयार खड़ी सरसों की कटाई और आलू खोदाई का कार्य तेजी से चल रहा था। शुक्रवार शाम और शनिवार सवेरे हुई बारिश से खेतों में कटी पड़ी सरसों और खोदाई की गई आलू फसल को भारी क्षति होने का अनुमान है। बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर टूट गई। तेज हवाओं के चलने से कृषि उत्पादन में भारी कमी आने की संभावना है। आलू और सरसों फसलों में नुकसान के चलते उपभोक्ताओं की जेब पर महंगाई की मार पड़ने की आशंका है। वहीं क्षेत्रीय बागवानों का कहना है कि इस बारिश से बागों में आम के पेड़ों में लगे बौर को भारी नुकसान पहुंचने की संभावना है।