शिकायत पर पुलिस ने किशोरी को बरामद किया
आरोपी महिला और एक पुरुष को पुलिस ने पकड़ा
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत जुगुनूपुर के मजरा ग्रंटपुरवा की एक महिला निघासन क्षेत्र के ढखेरवा के एक घर में झाड़ू-पोछा का काम करने के दौरान शुक्रवार को गृहस्वामी की 17 वर्षीय पुत्री को लेकर भाग गई। शाम तक लड़की का पता न चलने पर परिजन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद धौरहरा पुलिस ने महिला के घर से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी महिला व एक पुरुष को हिरासत में लिया है।
सुजानपुर गांव निवासी दूसरे समुदाय की महिला आलिया लोगों के घरों में झाड़ू-पोछा लगाने का काम करती है, जो निघासन क्षेत्र के ढखेरवा में रह रहे एक परिवार के घर में काम करती थी। बताते हैं कि मूल रूप से सीतापुर के रेउसा निवासी परिवार ढखेरवा में किराए पर रहता है।
शुक्रवार को आलिया गृहस्वामी की नाबालिग पुत्री को लेकर अपने घर आ गई। उधर, परिजन ने किशोरी को घर में न पाकर खोजबीन शुरू की। उसका पता न चलने पर पुलिस को सूचना दी। परिजन ने घर में काम करने वाली आलिया पर शक जताया, जिसके बाद धौरहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुुए किशोरी को आलिया के घर से बरामद कर लिया। साथ ही आलिया व शराफत को हिरासत लिया।
प्रभारी निरीक्षक धौरहरा धर्म प्रकाश शुक्ला ने बताया कि परिजन से पहले ग्रामीणों ने गांव में बाहर की लड़की लाए जाने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने लड़की को बरामद कर रात में ही माता-पिता के हवाले कर दिया। इस मामले में एक महिला आलिया और शराफत को हिरासत में लिया गया है।
उधर, सीओ टीएन दुबे ने बताया कि लड़की अपने पिता से नाराज होकर घर में काम करने वाली बाई के घर चली आई थी। परिजन की सूचना पर लड़की को बरामद कर उनके सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।