महेवागंज (लखीमपुर खीरी)। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव श्रीनगर में मंगलवार शाम युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे रिश्तेदार के यहां से पत्नी को बुलाने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंची थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बवाल की आशंका में एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ धौरहरा अभिषेक प्रकाश ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली।
थाना पुलिस के मुताबिक श्रीनगर गांव निवासी माता प्रसाद यादव (30) पुत्र जमुना प्रसाद यादव उत्तराखंड में मजदूरी करने गया था। करीब दो साल पहले वहां से किसी लड़की को साथ लाया। वह दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। करीब पंद्रह दिन पहले माता प्रसाद को पुलिस ने आर्म्स एक्ट में जेल भेजा। जेल जाने से पहले युवक, पत्नी को गांव के ही रिश्तेदार के घर छोड़ आया। दो दिन पहले जेल से छूट कर पत्नी को लेने रिश्तेदार के घर पहुंचा तो पत्नी ने उसके साथ जाने से इंकार कर दिया। इस पर कहासुनी हुई। मंगलवार सुबह इसी को लेकर गांव में बिरादरी के बीच पंचायत हुई जिसमें बात नहीं बनी। देर शाम को युवक फिर पत्नी को लेने रिश्तेदार के घर पहुंच गया। इस पर खूब विवाद हुआ। आरोप है इस बीच रिश्तेदार ने युवक को गोली मार दी। सीने में गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़ा। यह देख आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना पर सीओ धौरहरा आरके वर्मा, फूलबेहड़ थाना प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह सहित भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। गांव में तनाव को देख मौके पर पहुंचे। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
घटना के पीछे जानकारी मिली है कि रिश्तेदार के यहां पत्नी को लेने गए युवक के साथ उसने जाने से इंकार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इसी दौरान रिश्तेदार ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। शव का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी।
-आरके वर्मा, सीओ धौरहरा