महिला को स्तनपान के फायदे बताते स्वास्थ्य कमर्चारी।
सात अगस्त तक मनाया जाएगा विश्व स्तनपान सप्ताह
लखीमपुर खीरी। विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत मंगलवार को स्वास्थ्यकर्मियों ने नवजात की माताओं को स्तनपान के लाभ बताए। साथ ही दो साल तक बच्चों को स्तनपान कराने के लिए प्रेरित किया।
सीएमओ डॉ. अरुणेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह सात अगस्त तक मनाया जाएगा। इस दौरान नवजात की माताओं को स्तनपान से मां एवं शिशु को होने वाले लाभ बताए जाएंगे। उन्होंने बताया इसके लिए आशा, संगिनी, एएनएम एवं सीएचओ महिलाओं को स्तनपान के लिए जागरूक करेंगी। उधर, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता लल्ला सिंह ने सीएचसी पसगवां में एएनएम, सीएचओ, स्टाफ नर्स एवं नर्स मेंटर को स्तनपान से मां एवं शिशु को होने वाले फायदों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि माताओं को जागरूक करें कि दो साल तक बच्चों को स्तनपान अवश्य कराएं। मां के दूध से बच्चों को लिए बेहद लाभकारी है। वहीं माताएं भी तमाम बीमारियों से सुरक्षित रहती हैं। इस दौरान अधीक्षक डॉ. अश्विनी वर्मा, बीसीपीएम, बीएएम, डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित यूनिसेफ, यूपीटीएसयू, डब्ल्यूएचओ के लोग मौजूद रहे।