इसी झोंपड़ी में जलकर हो गई वृद्ध की मौत।
सीतापुर जिले के महोली थाना क्षेत्र के कुसैला गांव के थे पूरन
क्षेत्रीय लेखपाल ने रिपोर्ट बनाकर तहसील प्रशासन को भेजी
मैगलगंज। हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से 65 वर्षीय वृद्ध की जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान सीतापुर जिले के महोली थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसैला गांव निवासी पूरन के रूप में हुई है।
मैगलगंज बाईपास के निकट रामकुमार यादव निवासी मैगलगंज का ट्यूबवेल है। मंगलवार की दोपहर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर ट्यूबवेल के निकट पड़ी झोंपड़ी पर गिर गया। इससे झोंपड़ी में आग लग गई। झोंपड़ी में मौजूद सीतापुर जिले के महोली थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसैला गांव निवासी 65 वर्षीय पूरन भी जल गया। ग्रामीणों ने झोंपड़ी को जलता देख बिजली कर्मचारियों को फोन कर सूचना दी। इसके बाद लाइन काटी गई। आक्रोशित ग्रामीणों एवं विद्युत विभाग के कर्मचारियों के बीच काफी देर तक नोकझोंक भी हुई। बाद में मामले को सुलझा लिया गया। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और रिपोर्ट बनाकर तहसील प्रशासन को भेज दी है।
थाना प्रभारी मैगलगंज ने बताया कि बाईपास के निकट ट्यूबवेल पर झोंपड़ी पड़ी थी जिस पर हाईटेशन लाइन का तार टूटकर गिरने से झोंपड़ी में मौजूद एक वृद्घ की जलकर मौत हो गई है। मृतक सीतापुर जिले का बताया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।