सड़क की पैमाइश करते पीडब्ल्यूडी के एई।
पीडब्ल्यूडी ने एक महीने पहले व्यापारियों को दिया था अतिक्रमण हटाने का नोटिस
मैलानी। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम ने पुलिस और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की मौजूदगी में पीडब्ल्यूडी ने रोड की पैमाइश कर चिन्हांकन किया, जिसमें पीडब्ल्यूडी की भूमि पर मामूली अतिक्रमण पाया गया। इससे पहले पिछले साल की पैमाइश में पीडब्ल्यूडी ने एक महीने पहले व्यापारियों को अतिक्रमण का नोटिस दिया था।
शनिवार को थाना दिवस में व्यापार मंडल ने एसडीएम से राजस्व टीम से फॉरेस्ट के फिक्स प्वाइंट से पैमाइश कराकर पीडब्ल्यूडी रोड का चिन्हांकन कराने को कहा था। एसडीएम ने बृहस्पतिवार को पैमाइश कराने की बात कही थी। कानूनगो विजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में आई राजस्व टीम ने खुटार रोड स्थित फॉरेस्ट के फिक्स प्वाइंट से पैमाइश शुरू की, जिसमें बाईपास तिराहा से कुछ आगे नेशनल हाईवे की भूमि निकली। उसके आगे से ट्रांसफार्मर तक पीडब्ल्यूडी की रोड निकली।
कानूनगो ने बताया कि इसके आगे जिला पंचायत की सड़क है। रोड के दोनों ओर बीस मीटर चौड़ाई नापकर चिन्हांकन किया गया। इससे पहले पीडब्ल्यूडी के चिन्हांकन में कई दुकानदार अतिक्रमण की जद में आए थे। पैमाइश में मामूली अतिक्रमण पाया गया। इससे रोड के दुकानदारों ने राहत की सांस ली। पैमाइश के समय पीडब्ल्यूडी के एई विजय चंद्र, जेई आलोक कुमार, लेखपाल देवेंद्र सिंह, शशि प्रकाश सिंह तोमर, पुलिस और पीएसी भी मौजूद रही।
राजस्व टीम ने अभिलेखों में दर्ज रिकार्ड के अनुसार फारेस्ट के फिक्स प्वाइंट से भूमि की पैमाइश की है। पिछले साल और इस साल की पैमाइश में फर्क आया है। इस बार की पैमाइश दुरुस्त है। इससे पीडब्ल्यूडी विभाग पूरी तरह से संतुष्ट है। - विजय चंद्रा, एई, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-तीन खीरी