रक्तदाताओॆ को प्रमाणपत्र देते डीएम।
जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में डीएम ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया
लखीमपुर खीरी। अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस पर जिले के 34 महादानियों ने रक्तदान किया। लखीमपुर के जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में लगे शिविर का शुक्रवार सुबह दस बजे डीएम डॉ. अरविंद चौरसिया ने फीता काटकर उद्घाटन किया। जिला अस्पताल और मितौली में लगे शिविर में पहुंचकर कुल 34 महादानियों ने रक्तदान किया।
किसी की जिंदगी बचाने के लिए अपना खून देना एक तरीके से उस व्यक्ति को अपने शरीर का एक हिस्सा देने जैसा है, इसलिए इसे महादान कहा गया है। अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में लगे शिविर का उद्घाटन करने पहुंचे डीएम ने सबसे पहले रक्तदान करने वाले अमेठी निवासी हारिस खान का हौसला बढ़ाया। इस दौरान डीएम के साथ मौजूद उनके गनर प्रदीप नारायण मिश्र का भी हौसला जाग गया और उन्होंने भी डीएम से रक्तदान करने की इच्छा प्रकट की, जिस पर डीएम डॉ. अरविंद चौरसिया ने उन्हें अनुमति दी और डीएम के गनर प्रदीप नारायण मिश्र ने स्वेच्छा से रक्तदान कर खुशी जाहिर की। 2011 बैच से पुलिस की सेवा में तैनात प्रदीप मिश्रा ने भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान की बात कही।
डीएम ने रक्तदान करने वालों को अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से प्रमाण पत्र भी बांटे। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ शिविर दोपहर तीन बजे तक चला, जिसमें कुल 16 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि, मितौली के स्मार्ट विलेज रेवाना में लगे शिविर में बीडीओ चंदन देव पांडे ने खुद रक्तदान कर शिविर का उद्घाटन किया। शिविर में कुल 18 लोगों ने रक्तदान किया। दोनों जगह शिविर में प्रतिभाग कर रक्तदान करने वाले सभी महादानियों को अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। रक्तदान में नीमगांव थाना, गोविंद शुगर मिल ऐरा, रेवाना ग्राम प्रधान आदि का सहयोग मिला।