कोर्ट में पेशी पर जाता तिकुनिया कांड का मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा मोनू।
तिकुनिया हिंसाः अब 30 मार्च को होगी अगली सुनवाई, सभी आरोपी मौजूद रहेंगे
लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा मामले में बुधवार को भी जिला अदालत में कोई कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। आरोप तय करने के मामले में हुई सुनवाई के दौरान आरोपियों के वकील ने डिस्चार्ज एप्लीकेशन के लिए समय मांगा, जिस पर अदालत ने समय देते हुए 30 मार्च को अगली सुनवाई तय कर दी। उधर, अदालत ने सभी आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहने के लिए आदेश दिया है।
तिकुनिया हिंसा मामले में बुधवार को जिला जज मुकेश मिश्रा की अदालत में सरकार बनाम आशीष मिश्र मोनू मामले की सुनवाई थी, जिस पर नाम पुकारे जाने पर आशीष मिश्र मोनू अदालत में अपने वकील के साथ हाजिर हुए। आरोपी के वकील अवधेश सिंह ने अदालती कक्ष में पहुंचकर जिरह की कि एसआईटी ने जो चार्जशीट दाखिल की है, उसमें कोई पुख्ता सबूत नहीं हैं। उनकी ओर से डिस्चार्ज एप्लीकेशन पेश की जाएगी, जिसके लिए कुछ समय और दिया जाए। इस पर अदालत ने 30 मार्च की तारीख लगा दी। ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र शुक्ला भी अपने वकील अनिल त्रिवेदी के साथ अदालत में हाजिर हुए।
उधर, क्रॉस केस मामले में सरकार बनाम गुरविंदर सिंह आदि शीर्षक से लंबित चार आरोपियों की पेशी भी आज आगे बढ़ गई। अदालत में चारों आरोपियों की ओर से उनके अधिवक्ताओं ने अपना वकालतनामा दाखिल किया, जिस पर जिला जज ने 30 मार्च की तारीख मुकर्रर की है। अदालत ने जेल अधीक्षक को आदेशित किया है कि 30 मार्च को सभी आरोपियों को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश करना सुनिश्चित किया जाए।