पीलीभीत : चारों सीटों पर भाजपा का कब्जा बरकरार
2017 की तरह ही इस बार भी भाजपा ने सभी चारों सीटों पर कब्जा बरकरार रखा है। सदर से संजय सिंह गंगवार, बरखेड़ा से स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर में बाबूराम पासवान और बीसलपुर से विवेक वर्मा ने जीत दर्ज की।
शाहजहांपुर : भाजपा का क्लीन स्वीप
भाजपा ने क्लीन स्वीप करते हुए जिले की सभी छह सीटों पर जीत दर्ज की हैं। नगर से भाजपा के सुरेश कुमार खन्ना ने लगातार नौवीं जीत दर्ज की है। वहीं जलालाबाद में भाजपा के हरिप्रकाश वर्मा, तिलहर में सलोना कुशवाहा, पुवायां में भाजपा के चेतराम, ददरौल में भाजपा के मानवेंद्र सिंह, कटरा में वीर विक्रम सिंह प्रिंस ने जीत दर्ज की है। यहां 2017 में भाजपा ने पांच और सपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी।
बदायूं : भाजपा-सपा को तीन-तीन सीटें
जिले में कुल छह सीटें हैं। इनमें से शहर से भाजपा के महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी से हरीश शाक्य और दातागंज से राजीव कुमार सिंह ने जीत दर्ज की। वहीं सहसवान से सपा के ब्रजेश यादव, बिसौली से आशुतोष मौर्य और शेखूपुर से हिमांशु यादव ने विजय पताका फहराई। 2017 में भाजपा ने पांच और सपा ने एक सीट (सहसवान) पर जीत दर्ज की थी।
बरेली : नौ में से सात पर भाजपा, दो सपा ने झटकीं
जिले की नौ में से सात सीटों पर भाजपा जीती है। जबकि 2017 में उसने सभी नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी। कैंट से संजीव अग्रवाल, शहर से डॉ. अरुण कुमार, नवाबगंज से डॉ. एमपी आर्या, बिथरी चैनपुर से डॉ. राघवेंद्र शर्मा, आंवला से धर्मपाल सिंह, फरीदपुर से डॉ. श्याम बिहारी सिंह, मीरगंज से डॉ. डीसी वर्मा ने जीत दर्ज की। वहीं भोजीपुरा से सपा के शहजिल इस्लाम और बहेड़ी से अताउर रहमान विजयी हुए हैं।