जगह-जगह टूटा जटपुरवा-कफारा मार्ग। संवाद
धौरहरा। 25 गांवों को जोड़ने वाला जटपुरवा-कफारा मार्ग काफी जर्जर हो चुका है। यह सड़क जगह-जगह से टूटी है, जिस पर गुजरना राहगीरों के लिए चुनौती से कम नहीं है। खस्ताहाल सड़क होने की वजह से आए दिन हादसे भी होते हैं, लेकिन फिर भी जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं देते हैं। अब विधायक ने जल्द ही इस सड़क निर्माण कराने की बात कही है।
जटपुरवा से कफारा मार्ग लखीमपुर-ढखेरवा मार्ग से जुड़ा है। पांच किलो मीटर लंबी इस सड़क से कफारा, जटपुरवा, सेमरी, महादेव, तुलसीराम पुरवा लोहरीपुर, मूड़ी आदि करीब 25 गांवों के हजारों लोग गुजरते हैं। इसके अलावा रमियाबेहड़ ब्लॉक का लौखनिया नकहिया मार्ग, रामनगर बगहा गुलरिया मार्ग, धौरहरा से पंडित पुरवा मार्ग, आदि सड़कें जो बाढ़ में खराब हो चुकी है। जिनकी अब तक मरम्मत भी नहीं हो सकी। इन सड़कों से लोगों को निकलने में काफी दिक्कतें हो रही है।
वहीं धौरहरा से महराजनगर मार्ग भी काफी खराब हो चुकी है। इन मार्गों से गन्ना भरे ट्रक भी गुजरते हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सका है। इसके अलावा कफारा से सेमरी मार्ग भी काफी खराब हो चुका है। इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटना हो रही है, पर अब तक इन जर्जर मार्गों की सुध नहीं ली गई।
विधायक धौरहरा विनोद शंकर अवस्थी ने बताया कि खराब जटपुरवा से कफारा और सेमरी मार्ग के निर्माण का जल्द प्रस्ताव तैयार कर निर्माण कराया जाएगा। इस सड़क के अलावा भी कई अन्य सड़कों का भी निर्माण कराना है।