पसगवां। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात अनुदेशक ने तेरह वर्षीय छात्रा को कमरे में बंद कर छेड़छाड़ की। किसी तरह छात्रा जब उसके चंगुल से निकलकर भागी तो आरोपी ने छेड़खानी की बात किसी को बताने पर उसके पिता को जान से मार देने की धमकी दी। रोती बिलखती छात्रा घर पहुंची और परिजन को पूरी जानकारी दी। परिजन ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के अनुसार, 13 वर्षीय किशोरी गांव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। बुधवार की दोपहर 2 बजे छुट्टी होने के बाद स्कूल के मास्टर अनुदेशक जनीफ निवासी कटघरा थाना पसगवां ने छात्रा को कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी। जैसे तैसे छात्रा चंगुल से छूटकर भागी और हांफती हुई घर पहुंची।
छात्रा ने बताया कि आरोपी ने किसी को बताने पर पिता को जान से मारने की धमकी दी है। जब परिजन स्कूल पहुंचे तब तक जनीफ भाग चुका था। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने की वजह से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को जेल भेजा जाएगा।