अब रोडवेज बस अड्डे के निकट नगर पालिका ने शुरू कर दी खोदाई
लखीमपुर खीरी। सड़कों पर बने गड्ढे शहरवासियों के लिए पहले से ही मुसीबत बने हैं। अब जल निगम इनकी परेशानियां और बढ़ा रहा है। एक तो पालिका प्रशासन नगर की सड़कों को गड्ढा मुक्त नहीं करवा पा रहा है और दूसरे लीकेज ठीक करने के लिए जलनिगम से लेकर नगर पालिका सड़कों की जहां तहां खोदाई करा रही है। इससे शहरवासियों की मुश्किलें दिन पर दिन बढ़ती जा ही हैं।
अमृत मिशन योजना के तहत पेयजल पाइप लाइन डालने के लिए जलनिगम ने कई सड़कें खोद डालीं, जिसकी वजह से कई माह तक शहर के लोग समस्याओं से जूझते रहे। पाइप लाइन पड़ने के बाद खोदी गई रोड भी बन गई। इससे लोगों का सुविधाजनक जनक आवागमन होने लगा। मगर, पाइप लाइन में लीकेज होने से फिर से जलनिगम से लेकर नगरपालिका ने सड़कों को खोदना शुरू कर दिया है। इससे एक बार फिर से नगरवासियों से लेकर जिला मुख्यालय पर आने वालों की मुश्किलें बढ़नी लगी हैं।
मुसीबत बन रही मिट्टी से पाटी गई सड़क
हाल में ही जलनिगम ने लीकेज ठीक करने के लिए जीआईसी मैदान के सामने गड्ढा खोदा। दो-तीन दिन काम चला। तब तक उस तरफ से लोगों का निकलना मुश्किल रहा। लोग घंटों जाम में फंसकर परेशान होते रहे। काम पूरा होने के बाद जलनिगम ने गड्ढे को मिट्टी से पाट दिया, जो धंस रही है। इस वजह से रोजाना वहां पर वाहन फंस जा रहे है, जिससे लगती जाम लोगों को मुसीबत में डाल रही है।
पानी न पहुंचने पर खोदा गया गड्ढा
पालिका अध्यक्ष आवास के पास एक घर में पेयजल नहीं पहुंच रहा है। इस पर रोडवेज बस अड्डा रोड पर रविवार को फिर से गड्ढा खोदा गया। इसकी खुदाई नगर पालिका ने कराई है। बताते हैं जिनके घर तक पानी नहीं जा रहा है वहां तक खोदाई होगी। इससे कुछ दिन तक रोडवेज बस अड्डा रोड पर आवागमन मुश्किल होगा।
लीकेज दुरुस्त करने के लिए यहां भी होगी खोदाई
गुरु गोविंद सिंह तिराहे के पास पाइप लाइन में लीकेज हो गई है। इससे पानी सप्लाई के दौरान सड़क पर पानी बहता है। कुछ दिन बाद फिर से वहां रोड खोदी जाएगी। इससे एक बार फिर से नगरवासियों के साथ आसपास के दुकानदारों की मुसीबत बढ़ेगी।
खीरी निवासी मार्शल सिंह का कहना है कि सबसे ज्यादा हालत खीरी रोड की खस्ताहाल है। इस पर चलना दूभर है। सौजन्या से गुरुगोविंद सिंह तिराहे तक कुछ गनीमत थी, लेकिन जीआईसी मैदान के सामने मिट्टी से पटी सड़क मुसीबत पैदा कर रही है।
ऐसी कोई रोड नहीं है, जिस पर बिना हिचकोलों के चला जा सके। जिला मुख्यालय होने के बावजूद सड़कों की दशा किसी से छिपी नहीं है। पहले पाइप लाइन डालने के लिए जलनिगम ने सड़कें खोदीं। अब लीकेज दुरुस्त करने के लिए फिर से खुदाई होने से चलना मुश्किल हो रहा है।
सड़कों के मामले में शहर के हालात बेहद खराब है। सीएम के आदेश के बाद भी सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं हो सकीं। इनकी वजह से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। बारिश में जलभराव होने पर ये गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं।
सड़कों की दुर्दशा की देन जलनिगम की है। जब से पेयजल के लिए नई पाइप लाइन डाली गई है तब से दिक्कत ज्यादा हो रही है। कहीं लीकेज हो जा रही है तो कई घरों में पानी भी नहीं पहुंच रहा है। वैसे तो मरम्मत कराना जलनिगम का काम है, लेकिन लोगों को पानी की दिक्कत न हो इसलिए पालिका ठीक करा रही है। - जितेंद्र कुमार, जेई जलकल नगर पालिका