भीखमपुर। क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी ने सोशल मीडिया पर अपने एडिट फोटो एक युवक द्वारा अपलोड किए जाने से आहत होकर फांसी लगा ली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मितौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री के गुलशाद ने चोरी छिपे फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर एडिट करके अपलोड कर दिए। इससे आहत किशोरी ने मकान के कमरे में कुंडे से दुपट्टे के सहारे शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के समय परिवार के लोग खेत पर काम करने गए थे। वापस आने पर देखा कि कमरे में पुत्री का शव कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका था। आनन-फानन परिजनों ने दुपट्टा काटकर नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पीड़ित पिता ने मितौली थाना प्रभारी को दिए प्रार्थनापत्र में गांव के गुलशाद गाजी को नामजद किया है। एसएचओ राजू राव ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही की जा रही है।