धनगढ़ी (नेपाल)। धनगढ़ी उप महानगर पालिका के बाजार स्थित होटल के अलावा अलग-अलग स्थान पर छापा मारकर नेपाल पुलिस ने बड़ी मात्रा में चरस के साथ होटल मालिक व चार नेपाली युवकों को गिरफ्तार किया है। होटल मालिक ने कबूल किया है कि वह चरस की खेप भारत भेजने की तैयारी कर रहा था।
कैलाली के डीएसपी राजकुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मादक पदार्थ नियंत्रण टीम व पुलिस ने संयुक्त रूप से गौरीफंटा-धनगढ़ी सीमा से एक किलोमीटर दूरी पर मिलन चौक स्थित जयराम होटल एंड रेस्टोरेंट में छापा मारा। यहां पुलिस ने होटल मालिक के कमरे से पांच किलो 690 ग्राम चरस बरामद की। बताया गया है कि पहाड़ी जिले बझांग बुडगल निवासी राम बोहरा को चरस बरामद होने पर पकड़ा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि होटल मालिक ने स्वीकार किया है कि यह चरस की खेप भारत के किसी महानगर में गौरीफंटा बाॅर्डर के रास्ते भेजी जानी थी। धनगढ़ी त्रिनगर पुलिस चौकी के बैरियर से चेकिंग के दौरान गौरीफंटा की ओर से बाइक पर आ रहे वीर बहादुर रावल को रोककर जांच की तो उसके पास से दो ग्राम 760 मिलीग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
चुरे गांव पालिका के वार्ड तीन कैलाली निवासी मोहन मल्ल को मोबाइल फोन के कवर में छिपाकर लाई गई 590 मिलीग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है। बाइक चेकिंग के दौरान विजय विक व प्रदीप राना को भी 740 मिलीग्राम ब्राउन शुगर के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है।