पलियाकलां। भीरा थाना क्षेत्र के मटैहिया गांव में शुक्रवार की रात करीब 12 बजे चार नकाबपोशों ने घर में घुसकर महिलाओं को बंधक बनाया और हजारों रुपये के सामान को साथ लेकर भाग गए। पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी गई है।
मटैहिया निवासी श्रीकेशन की पत्नी रूपरानी ने बताया कि उनके दो बेटे हैं, दोनों बाहर काम करते हैं। वह अपनी छोटी बहू व दो पौत्रों के साथ रहती हैं। उनके घर में शुक्रवार की रात करीब 12 बजे नकाबपोश घुस गए। सबने काले कपड़े, हाथों में दस्ताने और लंबे काले जूते पहने थे। मुंह पर नकाब चढ़ाया हुआ था। एक नकाबपोश ने रूपरानी व उनकी बहू को हथियार के दम पर बंधक बना लिया। अन्य तीनों ने घर की छानबीन की। उन्होंने घर से दो बड़े खाल, फूल की दो थालियां, दो परातें, करवा, बटुला व नाक के सोने के फूल छीन लिए।शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए लेकिन इससे पहले हजारों रुपये का सामान लेकर सभी नकाबपोश भाग गए। शनिवार दोपहर के बाद भी पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी गई थी।