बिजली होती तो हो जाता बड़ा हादसा
गन्ना पेराई सत्र चालू हो जाने के बाद पुलिस और परिवहन विभाग के अफसरों की मिलीभगत से दौड़ रहे ओवरलोड गन्ना भरे ट्रक जानलेवा बने हुए है। मुर्गहा सेंटर से गन्ना भरकर आ रहा ओवरलोड ट्रक बिजली के तार में फंस गया, जिससे खंभा टूटकर एक घर पर गिर गया। गनीमत रही कि घर के बाहर सफाई कर रहे सुदर्शन बाल बाल बच गए। ग्रामीणों ने ड्राइवर को ट्रक समेत पकड़कर पुलिस के हवाले किया है।
मुर्गहा सेंटर से ओवरलोड गन्ना भरकर एक ट्रक पलियाकलां चीनी मिल जा रहा था। गांव छेदुई पतिया निवासी शारदाप्रसाद के मकान के पास लगे बिजली के तार में गन्ना फंस गए, जिससे 11 हजार लाइन की तार टूटकर गिर गयी। बिजली खंभा भी टूटकर शारदा प्रसाद के घर पर गिर गया। घर के बाहर काम कर रहे सुदर्शन खंभे की चपेट में आने से बाल बाल बच गया। गनीमत यह रही कि उस समय बिजली सप्लाई नहीं थी। यदि सप्लाई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उधर हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया और ट्रक समेत उसे पुलिस के हवाले कर दिया है। बतादें कि निघासन क्षेत्र में बेलरायां और पलियाकलां स्थित चीनी मिल के कई गन्ना क्रय क्रेंद्र हैं। इन सेंटरों से ओवरलोड गन्ना भरकर पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से ढोया जा रहा है।