मुख्य अभियंता और मुख्य रसायनविद को दी प्रतिकूल प्रविष्ट
निरीक्षण के दौरान एमडी ने की कार्रवाई, जीएम से भी नाराजगी जाहिर की
चीनी मिल संघ लखनऊ के प्रबंध निदेशक डॉ. वीके यादव ने स्थानीय किसान सहकारी चीनी मिल का निरीक्षण किया। इस दौरान तमाम खामियां मिलीं, इससे उनका पारा चढ़ गया। नाराज एमडी ने मिल प्रबंधक से नाराजगी जाहिर की और मिल के सीसीओ को सस्पेंड कर दिया। इसके अलावा ब्वायलर में तमाम कमियां मिलने पर मुख्य अभियंता और मुख्य रसायनविद को प्रतिकूल प्रविष्ट देकर जवाब मांगा है।
प्रबंधक निदेशक डॉ. वीके यादव शुक्रवार को किसान सहकारी चीनी मिल पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने पहले गन्ना डोंगे का निरीक्षण किया। वहां बसही के किसान अवधेश और राकेश कुमार का सूखा गन्ना देखकर वह भड़क गए और किसान से पूछताछ की तो उसने सात दिन पुराना गन्ना बताया। इस पर एमडी ने मुख्य गन्ना अधिकारी (सीसीओ) विरेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया। इसके बाद वह ब्वायलर हाउस पहुंचे, वहां जर्जर पाइपों से रस बहता मिला और काफी गंदगी मिली। इस पर उनका पारा फिर चढ़ गया। उन्होंने मुख्य अभियंता अंजनी कुमार राय एवं मुख्य रसायनविद एके साहू से कड़ी नाराजगी जताई और प्रतिकूल प्रविष्ट देकर एक सप्ताह में जवाब मांगा। ड्राउल हाउस में उन्हें चीनी की गुणवत्ता अच्छी नहीं मिली। इस पर उन्होंने जीएम को आड़े हाथ लिया। चीनी मिल में बोरियों की भराई, वजन, बैगास, कंप्यूटर आदि कक्षों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एमडी ने गेस्ट हाउस की मरम्मत कराने के निर्देश जीएम को दिए। दो घंटे के निरीक्षण के दौरान मिल कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।