गोला गोकर्णनाथ। स्वास्थ्य विभाग से नियुक्त प्रदेश कोविड-19 नोडल अधिकारी एवं जेडी ने मंगलवार को सीएचसी के एलवन सेंटर में संसाधनों का निरीक्षण कर साफ सफाई के लिए कड़े निर्देश दिए।
मंगलवार दोपहर नोडल अधिकारी एवं जेडी डॉ. बीके वर्मा ने डीटीओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता के साथ सीएचसी के एलवन सेंटर के वार्डों में कोविड-19 के बचाव के लिए लगाए गए संसाधनों ऑक्सीजन प्लांट, ऑक्सीजन पाइप लाइन, कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन सिलिंडर, बाई पाइप आदि का निरीक्षण किया। जेडी ने बताया कि कोविड-19 तीसरी लहर से बचाव के लिए 30 बेड का एलवन सेंटर तैयार है। तैयारियों को परखने के लिए तीन सफल मॉकड्रिल भी हो चुके हैं। एलवन सेंटर पर ऑक्सीजन प्लांट जिसके जरिये एक साथ 38 मरीजों को ऑक्सीजन दी जा सकती है। 25 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 7 बाईपाइप, और 43 ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं। कोविड-19 के ओमिक्रॉन का खतरा मंडरा रहा है। गनीमत है कि अभी जिले में इस वैरिएंट का कोई केस नहीं मिला है। सावधानी अत्यंत आवश्यक है। लोग मास्क, दो गज की दूरी सहित सभी जरूरी एहतियात बरतें। इस मौके पर पीएचसी प्रभारी डॉ. गणेश, डॉ. अजय वर्मा, डॉ. एसडी गोस्वामी, मुन्ना लाल चौधरी, अनूप पांडे आदि मौजूद रहे।
एलवन सेंटर में मरीज भर्ती होने पर सीएचसी पर नहीं होगी ओपीडी
सीएचसी में कोविड-19 एलवन सेंटर बनाया गया है। यदि संक्रमित मरीज भर्ती होते हैं तो सीएचसी में ओपीडी बंद कर दी जाएगी। जेडी ने बताया कि अस्पताल में कोविड-19 मरीज भर्ती होने पर यहां की ओपीडी को पीएचसी या निकटतम सीएचसी पर स्थानांतरित करना पड़ेगा।