लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर कस्बे में किशोरी की मौत के बाद पीड़ित परिवार ने अब आरोप लगाया है कि मृतका ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी नहीं दी है। बता दें कि आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से आहत किशोरी का शव उसके घर में लटका था। मामले में आरोपी जोहिद अख्तर, शोएब अख्तर, शोहिल, जाहिद नूर आदि के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसकी दुकान को बुलडोजर से ढहा दिया गया। जबकि तीन आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद किशोरी के खुदकुशी करने के मामले में रविवार को नया मोड़ उस समय आया, जब केंद्रीय गृहराज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के प्रतिनिधि वीरेंद्र शुक्ला पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। पीड़ित के परिजनों ने बेटी की खुदकुशी को हत्या बताते हुए आरोपी का घर भी ढहाए जाने की मांग की। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरनपुर के शेरपुर में उनकी रिश्तेदारी से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
विधायक ने 50 हजार राहत राशि दी
पलिया विधायक रोमी साहनी ने मृतका किशोरी के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। कहा कि उनकी मुख्यमंत्री से वार्ता हुई है। जो भी दोषी है, कार्रवाई की जाएगी। व्यक्तिगत कोष से 50 हजार रुपये की सहायता दी, जिसे पहले तो मृतका के परिजनों ने लेने से इन्कार कर दिया लेकिन बाद में काफी कहने पर सहायता राशि ले ली। इंसाफ दिलाने, दोषियों को गिरफ्तार करने के साथ ही दस सूत्री मांगों का ज्ञापन विधायक को दिया।