मोहम्मदी तहसील क्षेत्र के कंधरापुर गांव में रहने वाली लवली (12) पैरों से दिव्यांग हैं। लवली के इलाज के लिए गौतम अदाणी फाउंडेशन आगे आया है। डॉक्टरों की टीम के जांच के बाद फाउंडेशन की टीम लवली को इलाज के लिए लखनऊ ले गई है।
जानकारी के अनुसार लवली अपने दादा ओमप्रकाश व दादी के साथ कंधरापुर गांव में रहती हैं। वह गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ती हैं। उनके पैरों का इलाज हो सकता है, लेकिन अधिक खर्च की वजह से परिवार उपचार कराने में सक्षम नहीं था। गांव के पूर्व प्रधान रामसिंह ने बताया कि लवली की मां की मृत्यु हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि पिता लालमणि उसे गांव में छोड़कर चले गए थे, तब से वह दादा-दादी के पास रहती है। 13 मई को ग्रामीणों ने गोमती नदी के कांकर घाट पर पुल निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने मतदान बहिष्कार किया था। इसी समय गांव आए एक व्यक्ति ने लवली की फोटो एक्स पर पोस्ट कर दी। इसके बाद गौतम अदाणी फाउंडेशन ने उसके इलाज में मदद की बात कही। गौतम अदाणी के हैंडल से लवली के इलाज को लेकर एक्स पर पोस्ट भी की गई है।
एक्स पर पोस्ट के अगले ही दिन फाउंडेशन के डॉक्टरों की टीम गंव पहुंचकर लवली की जांच की। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार को फाउंडेशन की टीम गांव आई थी। लवली और उसके दादा को साथ लेकर लखनऊ गई है, जहां उसके पैरों का इलाज होगा।