हिंदी दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन के ‘हिंदी हैं हम’ अभियान के तहत आरएम ज्ञान दायिनी इंटर कॉलेज में निबंध प्रतियोगिता हुई। इसमें 40 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसमें प्रथम रहे गौरव वर्मा, विपिन वर्मा एवं संस्कार मिश्रा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
‘हिंदी हैं हम’ अभियान के तहत मोहल्ला राजाजी पुरम स्थित आरएम ज्ञानदायिनी इंटर कॉलेज में मंगलवार दोपहर 12 बजे आदि कवि गोस्वामी तुलसीदास के जीवन परिचय पर छात्रों के बीच निबंध प्रतियोगिता कराई गई। आयोजन में कॉलेज के 40 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
निबंध लेखन के बाद कॉलेज के ही निर्णायक मंडल में शामिल हिंदी शिक्षक उमाशंकर, गौतम, प्रदीप, शुभम त्रिवेदी एवं शिक्षिका रीना व कामिनी ने गौरव वर्मा को प्रथम, विपिन वर्मा को द्वितीय एवं संस्कार मिश्रा को तृतीय विजेता घोषित किया। प्रधानाचार्य अनुपम मिश्रा ने सभी तीनों विजेता छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुरस्कार पाकर छात्र हर्षित नजर आए। छात्रों ने अमर उजाला फाउंडेशन के ‘हिंदी हैं हम अभियान’ की सराहना की और अपने जीवन में हिंदी को अपनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर प्रधानाचार्य समेत पूरा कॉलेज स्टाफ मौजूद रहा।
14 एलकेएच 24
गोला में अवनीश रहे प्रथम
गोला गोकर्णनाथ। नगर के गांधी स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हिंदी दिवस पर हुई निबंध प्रतियोगिता में 67 छात्रों ने भाग लिया, जिसमें अवनीश मिश्र प्रथम, मानू प्रजापति द्वितीय, सलोनी मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं। प्रधानाचार्य महेश गुप्त, डॉ. सौरभ दीक्षित आदि ने हिंदी के महत्व और उत्थान के विषय में बताया। संवाद
हिंदी दिवस पर पुरस्कृत हुए प्रतियोगिताओं के विजेता
पलियाकलां। रोटरी क्लब ने कस्तूरबा गांधी स्कूल में सुलेख प्रतियोगिता आयोजित की, जिसमें 80 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देने के साथ ही पुरस्कार दिए गए। प्राथमिक स्कूल गोबरौला में सुलेख, कविता गायन, कहानी व सचित्र हिंदी कविता लेखन में कक्षा तीन की छात्रा शिफा व कक्षा चार की नूरबी को प्रधानाध्यापक कौशल प्रजापति ने पुरस्कृत किया गया। संवाद
निबंध में अनन्या रहीं प्रथम
ममरी। ब्लॉक कुंभी क्षेत्र के माध्यमिक विद्यालय अहमदनगर में हुई निबंध प्रतियोगिता में कक्षा छह, सात और आठ के सभी बच्चों ने भाग लिया। कक्षा सात की छात्रा अनन्या प्रथम, कक्षा आठ के छात्र अजीत कुमार द्वितीय और कक्षा छह के छात्र योगेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी को प्रशस्ति पत्र दिये गए। प्रधानाध्यापक समेत सभी शिक्षक रजनीश, नवनीत वर्मा ने हिंदी भाषा को बढ़ावा देने पर बल दिया। संवाद