पकड़े गए आरोपियों में तीन भारतीय युवक भी शामिल
धनगढ़ी (नेपाल)। कैलाली आंतरिक राजस्व विभाग की टीम ने राजस्व विभाग के करीब तीन लाख स्टीकर बरामद कर तीन भारतीय समेत पांच युवकों को गिरफ्तार किया है।
कैलाली जिला पुलिस डीएसपी प्रतीक बिष्ट ने बताया कि गौरीगंगा नगर पालिका के वार्ड सात तालबंद रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक से बोरी लादे तीन भारतीय और दो नेपालियों को पकड़ा। बोरी खोलने पर उसमें से राजस्व विभाग द्वारा जारी सरकारी स्टीकर के 77 पीस रोड बंडल मिले, जिसमें दो लाख 88 हजार 674 स्टीकर निकले। पकड़े गए युवकों के कमरों की तलाशी में राजस्व विभाग की मोहर और पैड भी बरामद हुई हैं।
युवकों ने अपना नाम संजीत कुमार, रिंकू कुमार, सुरेश कुमार निवासी जिला लखीमपुर खीरी, राजकुमार शाह निवासी वार्ड नंबर एक व विजय गुप्ता निवासी घंटाघर नेपाल बताया है। उधर, सरकारी स्टीकर का शराब डिस्टलरी में बोतलों पर दुरुपयोग करने पर राजस्व विभाग ने कैलाली के मसुरिया स्थित वेस्टर्न लीवर्स प्राइवेट लिमिटेड की शराब डिस्टलरी को सील कर दिया है। बता दें कि नेपाल में शराब और सिगरेट की बोतलों व डिब्बी पर राजस्व विभाग का कर टैक्स देने के बाद ही स्टीकर दिए जाते हैं।