फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मतगणना के कारण आज राजापुर मार्ग पर आमजन की बंद रहेगी आवाजाही

विज्ञापन
पुलिस को मतगणना संबंधी तैयारियों की जानकारी देते एसपी।
विज्ञापन
मतगणना स्थल छावनी में तब्दील, अधिकारियों के निर्धारित किए गए दायित्व
विज्ञापन

लखीमपुर खीरी। विधानसभा चुनाव 2022 की मतगणना बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे राजापुर मंडी में शुरू होगी, जिससे मंडी रोड पर आमजन का आवागमन बंद रहेगा। उधर, सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई मार्गों पर निश्चित दूरी में बैरियर बनाए गए हैं। कर्मचारियों, एजेंटों की गाड़ियों के पार्किंग की व्यवस्था अलग-अलग स्थानों पर की गई है। कई स्थानों पर रूट डायवर्ट किया गया है।
राजापुर मंडी स्थित मतगणना स्थल पर ड्यूटी में लगे समस्त कर्मचारियों के वाहन का प्रवेश गेट नंबर एक से होगा, जो प्रवेश करने के बाद बाईं तरफ टिन शेड में अपने वाहन पार्क करेंगे। रामापुर/खीरी/एलआरपी की तरफ से आने वाले समस्त एजेंटों के दो पहिया/चार पहिया वाहन आईटीआई में पार्क किए जाएंगे।
विज्ञापन

सौजन्या तिराहे की तरफ से मतगणना स्थल की ओर जाने वाले समस्त एजेंटों के वाहन डॉन बॉस्को स्कूल एवं युवराज पैलेस में पार्क किए जाएंगे। डॉन बास्को नहर पुलिया से मतगणना में लगे समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहन राजापुर की तरफ न जाकर नहर पटरी से ही दो सड़का मार्ग से रामापुर की तरफ व गुरुनानक कॉलेज की तरफ से अपने गंतव्य को जाएंगे।
चार पहिया एवं समस्त बड़े वाहन मतगणना ड्यूटी/एजेंट को छोड़कर सौजन्या से ही डायवर्जन होकर नौरंगाबाद से रामापुर की तरफ अपने गंतव्य को जाएंगे। सभी प्रत्याशी एवं एजेंट का प्रवेश गेट नंबर द्वितीय से रहेगा। राजापुर की ओर से मंडी समिति की तरफ मतगणना ड्यूटी में लगे अधिकारी/ कर्मचारी/मीडिया को छोड़कर समस्त प्रकार के वाहन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे।
राजापुर एवं डॉन बॉस्को नहर पुलिया के मध्य सामान्य रूप से यातायात का प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना के लिए निर्गत पास के आधार पर पत्रकारों का प्रवेश गेट नंबर एक से ही रहेगा। अनुमन्य मतगणना कर्मियों को छोड़कर कोई भी कर्मचारी मोबाइल फोन मतगणना स्थल पर नहीं ले जाएंगे। समस्त प्रत्याशी एवं एजेंट मतगणना स्थल के अंदर मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे, क्योंकि यह पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। अनुमन्य व्यक्ति/पासधारक लोगों को ही मंडी समिति में प्रवेश मिलेगा। कोई भी व्यक्ति मंडी समिति/मतगणना स्थल के अंदर शस्त्र नहीं ले जाएंगे। इन आदेशों का अनुपालन न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस-प्रशासन कठोर वैधानिक कार्रवाई कर सकता है।
इन अधिकारियों की फिक्स हुई जिम्मेदारी
- सीओ सिटी अरविंद कुमार वर्मा को यातायात/आउटर कार्डन का प्रभारी बनाया गया है।
- सौजन्या तिराहे पर बैरियर के पुलिस व्यवस्था के प्रभारी इंस्पेक्टर नीमगांव राजकरन शर्मा बनाए गए हैं।
- डॉन बॉस्को स्कूल के आगे नहर पुलिया बैरियर पर एसओ संपूर्णानगर अनिल कुमार सैनी प्रभारी बने हैं।
- मतगणना एजेंट के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था के प्रभारी रामवीर सिंह बनाए गए हैं।
- मोबाइल पार्टी काशीनगर तिराहा से युवराज पैलेस तक एसआई अभिषेक सिंह प्रभारी होंगे। मोबाइल पार्टी हनुमान आटा चक्की से रीता इंटरप्राइजेज तक निरीक्षक अपराध रंधा सिंह।
- मोबाइल पार्टी मंडी गेट नंबर एक से राजापुर चौकी तक एसआई हर्षिक कुमार सिंह। राजापुर चौराहे के बैरियर पर पुलिस व्यवस्था के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार मिश्रा बने है।
- रामापुर चौराहा रूट डायवर्जन बैरियर पर एसआई अभिषेक पांडेय की ड्यूटी लगाई गई है।
- एलआरपी चौराहा रूट डायवर्जन बैरियर पर एसआई सुरेश चंद्र की ड्यूटी रहेगी।
- छाउछ चौराहा रूट डायवर्जन बैरियर पर एसआई देवीदयाल की ड्यूटी रहेगी।
विजय जुलूूस पर रहेगा प्रतिबंध
मतगणना स्थल पर अमीर-गुलाल ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। जीते प्रत्याशी विजय जुलूूस नहीं निकाल सकेंगे। हालांकि उनके साथ भीड़ होने पर एहतियातन पुलिस फोर्स को एक्टिव रहने के निर्देश दिए गए हैं।
रोडवेज बसों का भी परिवर्तन रहेगा रूट
लखीमपुर खीरी। राजापुर मंडी में मतगणना होने के कारण बृहस्पतिवार को सौजन्या से लेकर राजापुर तक वाहनों की आना जाना प्रतिबंधित रहेगा। इसलिए रोडवेज बसों का संचालन सौजन्या से नौरंगाबाद चौराहा होते हुए ऐरा खमरिया और सीतापुर के लिए होगा।
लखीमपुर डिपो के एआरएम जोगेंद्र सिंह ने बताया कि मतगणना के चलते राजापुर मार्ग पर बसों का संचालन बंद रहेगा। बसों का संचालन सौजन्या से नौरंगाबाद के रास्ते सीतापुर, गोला आदि के लिए होगा। संवाद
मतगणना के मद्देनजर डीएम-एसपी के
नेतृत्व में फोर्स ने किया फ्लैग मार्च
लखीमपुर खीरी। बृहस्पतिवार को होने वाली मतगणना के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम महेंद्र बहादुर सिंह व एसपी संजीव सुमन ने बुधवार की दोपहर फ्लैग मार्च किया।
डीएम-एसपी के संग एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी अरविंद कुमार वर्मा समेत कई सीओ एवं प्रभारी निरीक्षकों ने मय वाहनों सौजन्या चौक, राजापुर चौराहा, एलआरपी चौराहा, ओवरब्रिज, संकटा देवी, मेला मैदान, इमली चौराहा, विलोबी हाल, नौरंगाबाद समेत प्रमुख मार्गों पर मतगणना के मद्देनजर फ्लैग मार्च किया। संवाद
डीएम-एसपी ने पुलिस बल को बताएं उनके कार्य दायित्व
लखीमपुर खीरी। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम महेंद्र बहादुर सिंह व एसपी संजीव सुमन ने कृषि उत्पादन मंडी समिति राजापुर में स्थापित सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम देखे। वहीं 10 मार्च को होने वाली मतगणना की तैयारियां परखीं। इस दौरान राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों के अधिकृत एजेंट मौजूद रहे।
डीएम-एसपी ने प्रत्येक विधानसभा के लिए आरक्षित मतगणना हाल में पहुंचकर मतगणना कार्मिकों के बैठने के लिए निर्धारित स्थान एवं एजेंटों के लिए निर्धारित किए गए स्थान के बारे में जानकारी प्राप्त की। मंडी परिसर में इंटरनेट की उपलब्धता के साथ-साथ आयोग को समयबद्ध तरीके से सूचनाएं प्रेषित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। परिसर में बेहतर बैरिकेडिंग के साथ-साथ साइनेज की व्यवस्था की पड़ताल की। इसके बाद उन्होंने मंडी परिसर में स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम को भी देखा। इस दौरान सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए स्थापित पंडालों में रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निग अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन

मतगणना के दिन सावधानी से निभाएं दायित्व : डीएम
लखीमपुर खीरी। डीएम-एसपी ने मतगणना स्थल पर पुलिस बल को उनके कार्य दायित्व समझाएं। उन्होंने कहा कि मतगणना के दिन सतर्कता एवं सावधानीपूर्वक निष्पक्षता से अपने कार्य दायित्वों का निष्पादन करें। दोनों अधिकारियों ने मंडी परिसर का पैदल भ्रमण करके बैरियर्स पर पुलिस बल के ड्यूटी प्वाइंट बताएं। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें