फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीएम साहब, मुसीबत बन सकता है बिना खंभे हटाए सड़क का निर्माण

विज्ञापन
सौजन्या तिराहे से डॉन बॉस्को स्कूल जाने वाले रास्ते पर बीच सड़क में लगा खंभा। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

सौजन्या तिराहे से डान बास्को तक पालिका बनवा रही है 600 मीटर हॉट मिक्स रोड
विज्ञापन

छह मीटर चौड़ी हो रही सड़क, बीच में आड़े आ रहे हैं खंभे और पेड़

लखीमपुर खीरी। शहर में सौजन्या तिराहे से डॉन बॉस्को स्कूल तक गड्ढों में तब्दील हो चुकी 600 मीटर तक की खीरी रोड का बहुप्रतीक्षित निर्माण अब शुरू होने को है, लेकिन सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले बिजली के खंभे और पेड़ जस के तस रहेंगे। डीएम ने भी बिना खंभे हटाए सड़क निर्माण पर अपनी सहमति जताई है।
कोरोना काल में पिछले साल पहले नगर पालिका ने लापरवाही बरतते हुए बिना खंभे हटाए ही डिवाइडर बनवा दिया। जब सड़क संकरी हुई तो जाम लगने की लोगों की शिकायत पर नगर पालिका ने छह महीने पहले सड़क चौड़ीकरण के लिए बिजली विभाग को खंभे हटाने के लिए पत्र लिखा। खंभे शिफ्ट करने के लिए बिजली विभाग ने नगर पालिका से 80 लाख रुपयेे बतौर खर्च मांगा।
विज्ञापन

इस बाबत जब नगर पालिका ने शासन को लिखा तो शासन ने भी सड़क के दायरे में आने वाले बिजली के खंभे हटवाने के लिए 81 लाख की धनराशि नगर पालिका को जारी कर दी। पैसा मिलते ही नगर पालिका के सुर बदल गए और खुद ही खंभे हटवाने की बात कही। करीब चार महीने बीतने के बाद भी दोनों विभागों की खींचतान में सड़कों से खंभे अब तक नहीं हट सके हैं। अब नगर पालिका प्रशासन बिना खंभे हटाए सौजन्या से गुरु गोविंद सिंह तिराहे तक जल्द रोड बनवाने का दावा कर रहा है।
उधर, शहर में लगातार माननीयों के दौरे से बैकफुट पर आए प्रशासन ने कभी गड्ढों में मिट्टी तो कभी राबिश भरकर काम चलाया। जिला प्रशासन ने नगर पालिका को सड़क निर्माण के सख्त निर्देश दिए, जिसके बाद अब गड्ढों में तब्दील हो चुकी इस 600 मीटर रोड का करीब एक करोड़ की लागत से निर्माण होने जा रहा है। डिवाइडर के दोनों तरफ रोड की चौड़ाई छह मीटर रहेगी।

कहीं मुसीबत न बन जाएं हाईटेंशन लाइन के 30 खंभे

शहरवासियों को रोड निर्माण की कवायद शुरू होने से बेहद खुशी है, मगर उन्हें चिंता है कि कहीं रोड बनने के बाद हाईटेंशन लाइन के खंभे मुसीबत न बन जाएं। क्योंकि रोड बनने के बाद करीब एक मीटर हाईटेंशन लाइन के खंभे सड़क पर आ जाएंगे। नई सड़क पर फर्राटा भरते वाहनों की चपेट में आकर किसी बड़े हादसे का कारण बनेंगे। यहां बता दें कि 600 मीटर बनने जा रही इस रोड के दोनों तरफ 30 खंभे हैं। अधिकतर खंभे जंग लगने के कारण नीचे से गल चुके हैं, जिन्हें एंगल के सहारे रोका गया है।

खंभे हटने से 14 मीटर चौड़ी हो सकती है सड़क

खीरी रोड शहर की प्रमुख रोड है। यदि हाईटेंशन लाइन के खंभे और पेड़ फुटपाथ से हटा दिए जाएं तो डिवाइडर के दोनों तरफ इसकी चौड़ाई सात मीटर तक हो सकती है। ऐसा न होने से चौड़ाई मात्र छह मीटर ही रहेगी, वहीं सड़क के दोनों ओर व्यवसायिक परिसर हैं। इनके सामने खड़े होने वाले वाहनों के अतिक्रमण से रोड संकुचित होकर मात्र चार मीटर ही बचेगी। इससे जाम लगेगी और शहरवासी से लेकर जिला मुख्यालय आने वालों को परेशानी होगी।

खीरी रोड पर आवास विकास जाने वाली सड़क के मोड़ पर हाईटेंशन लाइन का खंभा खड़ा है, जो नीचे से बेहद जर्जर स्थिति में है। यह खंभा एंगल के सहारे खड़ा है। वहीं फुटपाथ की ओर करीब एक मीटर बढ़कर रोड बन रही है। ऐसे में चमचमाती रोड पर दौड़ते वाहनों की चपेट में आकर खंभे कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं।

एलआईसी के पास हाईटेंशन लाइन का खंभा भी रोड के बीच में आ रहा है, जबकि इस रोड पर छोटे-बड़े वाहनों से लेकर रोडवेज बसें भी दौड़ती हैं। हॉट मिक्स रोड बनने के बिजली का खंभा करीब एक मीटर अंदर आ जाएगा। वाहनों की चपेट में आने से कभी भी बिजली का खंभा जानमाल के लिए मुसीबत बन सकता है।

खीरी रोड पर एक निजी नर्सिंग होम के एक कोने पर खंभा तो दूसरे दो खंभों पर ट्रासंफार्मर रखा हुआ है। ट्रांसफार्मर के पीछे कई पेड़ लगे हैं। रोजी रोटी के खातिर फु्टपाथ पर ठेला लगाने वालों का कहना है कि यदि कभी बस आदि की इन खंभों में ठोकर लगी तो बड़ा हादसा होना तय है।

फुटपाथ पर लगे खंभे हॉट मिस्क रोड बन जाने के बाद सड़क पर नजर आएंगे। कभी कभार उल्टी साइड में दो पहिया और ई-रिक्शा के अचानक आ जाने पर रोडवेज बसें खंभों के करीब से होकर निकलती हैं, पर हॉट मिक्स रोड बनने के बाद इस तरह की गलती में बस चालक की जरा सी चूक हादसे का कारण बनेगी।

सौजन्या तिराहा से लेकर डॉन बॉस्को स्कूल तक हॉटमिक्स रोड बनेगी, लेकिन खंभे नहीं हटेंगे। हाईटेंशन लाइन हटाने के लिए जो धनराशि मिली थी उससे सौजन्या से गुरु गोविंद सिंह तिराहा तक रोड बनवा दी जाएगी। - आरआर अंबेष, अधिशाषी अधिकारी

सौजन्या से नहरिया तक हाईटेंशन लाइन के गले खंभों को हटाने के लिए नगर पालिका को काफी समय पहले ही करीब 81 लाख का स्टीमेट बनाकर दिया जा चुका है। धनराशि मिलते ही हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट कराना प्रारंभ कर दिया जाएगा। - प्रदीप वर्मा, एक्सईएन

विज्ञापन


600 मीटर हॉटमिक्स सड़क का निर्माण बिना बिजली के खंभे हटाए ही होगा। कारण, खंभे हटाने के लिए डिवाइडर को तोड़ना पड़ेगा, जिससे सड़क का निर्माण करीब छह महीने के लिए टल जाएगा। इसलिये बिना खंभे हटाए ही हॉटमिक्स सड़क बनेगी। - डॉ. अरविंद चौरसिया, डीएम

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें