लखीमपुर खीरी। विधानसभा चुनाव में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन मतदाताओं को निरंतर जागरूक कर रहा है। इसके तहत बृहस्पतिवार को जीआईसी एवं प्राथमिक विद्यालय सुआगाड़ा में पहले जागरूकता कार्यक्रम और इसके बाद नगर में रैली निकाली गई।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह एवं सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने जीआईसी पहुंचकर छात्रों को मतदाता की शपथ दिलाकर दो-दो आमंत्रण पत्र प्रदान देकर कहा कि इसे माता-पिता और अपने पड़ोसियों को देकर वोट डालने के लिए अवश्य भेजें। छात्रों को मत और मतदान का महत्व बताते हुए जिले में में रिकॉर्ड मतदान में उत्प्रेरक का काम करने के लिए छात्रों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि 23 फरवरी को अवकाश रहेगा। इसलिए घर में रहकर मम्मी-पापा आदि को वोट डालने की जिद करें।
उन्होंने कहा आप लोगों की जिद से जिले में रिकॉर्ड मतदान होगा। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में डीएम को देखकर उत्साहित छात्रों ने सेल्फी लेने की मंशा जाहिर की । इस पर डीएम ने मतदाता शपथ प्वाइंट पर सेल्फी के साथ फोटो खिंचवाई।
डीएम ने रवाना की जागरूकता रैली
डीएम ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली रवाना की। डीएम ने रैली के आगे आगे चलकर राहगीरों को मतदान के लिए प्रेरित किया। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होकर जीआईसी में समाप्त हुई। इसमें डायट प्राचार्य डॉ. ओपी गुप्ता, एसडीएम रेनू, इला प्रकाश, डीआईओएस ओपी त्रिपाठी, बीएसए डॉ. लक्ष्मी कांत पांडेय, जीआईसी प्रधानाचार्य विपिन मिश्रा व शिक्षक शामिल रहे।
प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर डीएम ने अभिभावकों को दिया निमंत्रण
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह दोपहर में उच्च प्राथमिक विद्यालय सुआगाड़ा पहुंचे। उन्होंने अभिभावकों को मतदान के लिए निमंत्रण पत्र दिया। बच्चों को लोकतंत्र के महापर्व में माता पिता को अवश्य शामिल कराने के लिए निमंत्रण पत्र दिए। छात्रा की मतदाता जागरूकता रंगोली की प्रशंसा की।
मतदान का निमंत्रण लाया हूं
जिले में वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए डीएम ने संकटा देवी, बैंड बाजार, बाल्मीकि मंदिर मार्ग पर पड़ने वाले घरों में दस्तक दी। उन्होंने दरवाजा खटखटाकर कहा कि डीएम हूं, मतदान का निमंत्रण लेकर आया हूं। डीएम को इस अंदाज में देेखकर लोगों ने लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने का भरोसा दिलाया। इस दौरान राहगीरों को भी निमंत्रण पत्र देकर वोट डालने की अपील की।