ओयल। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने शनिवार को नगर पंचायत ओयल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी सात्यकि शुक्ला बिना सूचना गायब मिले। इस पर डीएम ने ईओ का वेतन रोकने के निर्देश देते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
डीएम ने उपस्थिति पंजिका, निविदा-टेंडर रजिस्टर, भुगतान सहित अन्य पत्रावलियों का बारीकी से निरीक्षण किया। डीएम के सफाई कर्मियों के बाबत जानकारी लेने पर लेखाकार अमरीश कुमार ने बताया कि दो नियमित, 10 संविदा और 21 ठेका कर्मचारी हैं। लेखाकार ने विकासकार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 15 विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जो तकनीक स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं। स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया कराई जाएगी। डीएम ने विकास कार्यों में वित्तीय एवं विभागीय नियमों का पालन कर गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा कराने के निर्देश दिए।