फोन पर महिलाओं की समस्याएं सुनते डीएम।
कलक्ट्रेट में हुआ ‘हक की बात- डीएम के साथ’ कार्यक्रम
लखीमपुर खीरी। मिशन शक्ति तृतीय चरण के तहत ‘हक की बात- डीएम के साथ’ कार्यक्रम बृहस्पतिवार को हुआ। इसमें डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने सुबह दस बजे से 12 बजे तक फोन लाइन के जरिए महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को सुनकर उनका निदान कराया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित, समस्याग्रस्त महिलाओं-बालिकाओं के 14 मामले सुने। साथ ही महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकार भी बताए।
कलक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में डीएम ने संयुक्त निदेशक (अभियोजन) धीरज कुमार मिश्रा, डीपीओ संजय कुमार निगम के साथ शिकायतें सुनीं। महिलाओं एवं बालिकाओं को संरक्षण, कानूनी सहायता, मनोचिकित्सा और कैरियर काउंसलिंग आदि कार्यक्रम के केंद्र बिंदु रहें।
कुछ महिलाओं ने शहर की कुछ समस्याएं बर्ताइं, जिसे डीएम ने तत्काल निराकरण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान एक कालर ने बताया कि उसकी बेटी का उत्पीड़न ससुराल वाले कर रहे हैं, उसकी समस्या पर तत्काल डीपीओ संजय निगम ने वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका को निर्देश दिए कि सेंटर पर दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग से समस्या का निराकरण करें। समस्या का निराकरण न होने पर घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत कार्रवाई कराना सुनिश्चित करें। एक महिला ने अपनी समस्या बताई कि उसके मायके वालों ने अतिरिक्त दहेज देने के लिए कहा था, लेकिन उन लोगों ने दहेज नहीं दिया। इस कारण ससुराल वाले उसका सम्मान नहीं करते। इस संबंध में डीएम के निर्देश पर संयुक्त निदेशक, अभियोजन धीरज मिश्रा ने थानाध्यक्ष सिंगाही को दोनों पक्षों को बुलाकर तत्काल समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। सभी कालरों द्वारा की जाने वाली शिकायतों को महिला कल्याण अधिकारी आर्य मित्रा बिष्ट ने दर्ज किया। डीएम ने बिष्ट को निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारी से दो दिन के अंदर फीडबैक लेकर डीपीओ को अवगत कराएंगी। इस अवसर पर काउंसलर कय्यूम अली जरवानी, महिला कल्याण विभाग के कर्मचारी गण भी उपस्थित रहे।