लखीमपुर खीरी। खीरी में एक अक्तूबर से क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू होगी। जिले में धान खरीद की तैयारियों व क्रय केंद्रों के निर्धारण के लिए डीएम डॉ अरविंद कुमार चौरसिया की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें डीएम ने क्रय एजेंसियों से उनके द्वारा दिए प्रस्तावों में गत वर्ष के क्रय केंद्रों को शामिल किया है अथवा नहीं की जानकारी मांगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में आने वाले बोरों की संख्या, उन्हें अनुरक्षित किए जाने वाले स्थलों की जानकारी विभिन्न माध्यमों के जरिए जन सामान्य को व्यापक रूप से दी जाए। उन्होंने राइस मिल की मैपिंग की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि केंद्रों के निर्धारण के सापेक्ष बोरों की उपलब्धता एवं खरीद में उपयोग होने वाले उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
एडीएम अरुण कुमार सिंह ने धान खरीद सीजन 2021 की तैयारियों के संबंध में क्रय एजेंसी वार अब तक की गई तैयारियों का रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने एजेंसीवार क्रय केंद्र खोले जाने पर दिए गए प्रस्तावों की जानकारी दी। विधायक अरविंद गिरि ने सुझाव दिया कि सोसायटी के केंद्रों को उप मंडी में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि एक अक्तूबर से पहले ही सभी केंद्रों पर खरीद की सभी मुकम्मल व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। ऐसी व्यवस्था बनाएं ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सीडीओ अनिल सिंह ने कहा कि विधायक द्वारा की अपेक्षाओं के अनुरूप खरीद से संबंधित दस्तावेज सोमवार तक डिप्टी आरएमओ द्वारा उन्हें उपलब्ध करा दिए जाएंगे। बैठक में एडीएम अरुण कुमार सिंह, जिला खाद्य विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सूर्य नारायण मिश्र समेत सभी क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक मौजूद रहे। संवाद