संकटा देवी मंदिर में लगी श्रद्धालुओं की भीड़।
घरों में श्रद्घालुओं ने कराया हवन, मंदिरों में लगी रही दर्शनार्थियों की कतारें
लखीमपुर खीरी। शारदीय नवरात्र के आठवें दिन श्रद्घालुओं ने देवी के मां महागौरी स्वरूप की आराधना की। बुधवार को देवी मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ रोज की अपेक्षा बुधवार को ज्यादा दिखाई दी। दुर्गाष्टमी के मौके पर लोगों ने अपने घरों में हवन पूजन किया। बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिरों में दिन भर चले सामूहिक यज्ञ में हिस्सा लिया। शहर में कई जगह देवी जागरण हुए, जिनमें मां का गुणगान किया गया।
प्राचीन संकटा देवी मंदिर में सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्घालुओं की कतारें लगी रहीं। मंदिर और आसपास का वातावरण मां के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर परिसर में नवरात्र पर स्थापित देवी प्रतिमा के समक्ष हर रात देवी जागरण कर मां का गुणगान किया जा रहा है। यहां सुबह से लेकर रात तक हवन पूजन का कार्यक्रम जारी रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्घालुओं ने हिस्सा लिया। महाभारत कालीन शीतला देवी और वंकटा देवी मंदिर में भी श्रद्घालुओं की भीड़ रही। पूरा वातावरण भक्ति से सराबोर रहा।
ममरी। शारदीय नवरात्र के उपलक्ष्य में सुंदरपुर के माता भगवती मंदिर पर चल रहे सात दिवसीय श्री दुर्गा सप्तशती पाठ का समापन बुधवार को सामूहिक हवन पूजन के साथ हुआ। पं. अखिलेश मिश्रा ने उपवासी श्रद्धालुओं से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन में आहुतियां डलवाकर पूजन संपन्न कराया। आयोजक रामकुमार वर्मा ने बताया कि विशाल कन्या भोज भंडारे का आयोजन गुरुवार को किया जाएगा। इस मौके पर कई अन्य स्थानों पर भी हवन पूजन के आयोजन किए गए। यहां का वातावरण जय माता दी के जयकारों से गुंजायमान होता रहा।