जमीन का बैनामा कराने के लिए एसपी से मांगी सुरक्षा।
वृद्ध ने एसपी को सौंपा प्रार्थनापत्र, जताई अपनी हत्या की आशंका
लखीमपुर खीरी। मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव नयागांव निवासी एक वृद्ध ने अपनी ही पुत्री और दामाद पर जमीन हथियाने का आरोप लगाते हुए एसपी को प्रार्थनापत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
नयागांव निवासी छोटे सिंह ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि उसकी तीन पुत्रियां पद्मा, छोटी मुन्नी व गुड्डी थीं, जिनमें गुड्डी की मौत हो चुकी है। शेष दोनों पुत्रियों पद्मा व छोटी मुन्नी विवाहित हैं और अपनी-अपनी ससुराल में रह रही हैं।
आरोप है कि पद्मा व छोटी मुन्नी अपने पिता की संपत्ति जबरन अपने नाम लिखा लेना चाहती हैं, जबकि उनसे कोई संबंध व सरोकार नहीं है। छोटे सिंह ने बताया कि उसने भतीजे व वीरेंद्र सिंह के पोते सूरज, रवि प्रताप, राजवीर प्रताप व ओम सिंह के नाम दान पत्र लिखवा दिया है, जिसके बाद अब वह दान पत्र की रजिस्ट्री कराने के लिए मितौली तहसील गए थे।
आरोप है कि वहां पर उसकी पुत्रियां व दामाद रजिस्ट्री दफ्तर में घुसने नहीं दे रहे हैं, जिससे वह दान पत्र की रजिस्ट्री नहीं करा पा रहा है। बताया कि दामाद संपत्ति के लालच में हत्या भी कर सकता है। इसलिए रजिस्ट्री कराने के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की। एसपी ने सीओ मितौली को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।