वैन सवारों ने लिफ्ट देकर
युवक से की लूटपाट
राजापुर चौकी क्षेत्र में हुई वारदात, रिपोर्ट दर्ज
लखनऊ से घर वापस जा रहे कोतवाली धौरहरा क्षेत्र के एक युवक को वैन सवार तीन युवकों ने राजापुर चौकी के पास लिफ्ट देकर बैठा लिया। देउवापुर मोड़ के पास असलहों के बल पर उसकी पिटाई कर 1150 रुपये की नकदी लूट ली और वैन समेत भाग निकले। सदर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की ओर से वैन संख्या यूपी 27 टी 8014 और उसमें सवार तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घटना सोमवार की रात करीब 11.30 बजे की है। कोतवाली धौरहरा के गांव कटैलापुरवा निवासी रोहित कुमार ने बताया कि वह सोमवार को लखनऊ गया था। रात में वापस आते समय राजापुर चौराहा के पास उतर गया और घर जाने के लिए वाहन का इंतजार करने लगा। काफी समय तक जब वाहन नहीं मिला तो वह पैदल ही रामापुर की ओर चल दिया। कुछ दूर आगे चलने पर पीछे की ओर से एक मारुति वैन आती दिखाई दी, जिसे उसने हाथ देकर रुकने का इशारा किया। इस पर चालक ने वैन रोक दी और उसे बैठा लिया। करीब एक किलोमटीर दूर देउवापुर मोड़ के पास चालक ने वैन अचानक रोक दी। वैन रुकते ही उसमें सवार अन्य दो युवकों ने उसे तमंचे के बल पर कब्जे में कर लिया और पिटाई कर पर्स लूट लिया। पर्स में 1150 रुपये नकदी थी। लूटपाट करने के बाद वैन समेत आरोपी भाग निकले। लुटेरों के जाने के बाद उसने पुलिस को घटना की सूचना दी और वैन का नंबर बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों की सुरागरसी की, लेकिन लुटेरे हाथ नहीं लगे। पुलिस ने वैन संख्या यूपी 27 टी 8014 और उसमें सवार तीन लोगों के खिलाफ लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कर ली।