युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
पत्नी की हत्या कर थाने में किया था आत्मसमर्पण
मोहल्ला इकराम नगर नई बस्ती में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने थाने पहुंचकर आत्म समर्पण करने वाले युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट चौकीदार की ओर से दर्ज कर ली है। पुलिस बुधवार को आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश करेगी।
सोमवार की रात ईकराम नगर निवासी शकीम खां और उसकी 22 वर्षीय पत्नी नसीब बानो में विवाद हो गया था। इससे गुस्साए पति ने नसीब बानो की पिटाई कर दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंचा और हत्या करने का जुर्म पुलिस के सामने स्वीकार कर लिया था। पुलिस के मुताबिक पत्नी नसीब बानो पति पर किसी से प्रेम संबंध होने का शक करती थी। जिससे अक्सर विवाद होता था। सोमवार की शाम इसी विवाद के चलते उसने अपनी पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला। एसओ ने घटना के बाद मृतका के मायके वालों को फोन पर सूचना दी थी, लेकिन मंगलवार की दोपहर तक कोई भी नहीं पहुंचा। इस पर चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने पिटाई में शामिल फंटी भी कब्जे में ली है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। आरोपी का पुलिस बुधवार को चालान कर कोर्ट में पेश करेगी।
00000000000000000
थाने पहुंचने से पहले 14 माह की पुत्री को बहन को सौंपा
आरोपी, पत्नी की पिटाई के बाद उसके मरने की आशंका होते ही अपनी 14 माह की पुत्री शबनूर को अपनी इकराम नगर नई बस्ती निवासी बहन हुस्न बानो के यहां दे आया था और उसके बाद थाने पहुंच गया।
00000000000000000
छह-सात माह से अलग रहती थी मां
शकीम की मां नसीम करीब छह-सात माह पूर्व घर में होने वाले विवादों से परेशान होकर इकराम नगर में ही किराए पर अलग रहने लगीं थीं। घर में पति पत्नी और बच्चे ही रहते थे।
000000000000000000
मनमर्जी से की थी शकीम ने शादी
मां नसीब बानो के मुताबिक शकीम राजमिस्त्री है और वह लखनऊ गया था। जहां उसको नसीबा बानो मिलीं और दोनों में प्यार हो गया। वह और उनका परिवार इसके खिलाफ था, लेकिन इसके बाद भी शकीम ने करीब तीन साल पूर्व नसीबा से शादी कर ली और यहां ले आया था।
000000000000000
घटना के बाद नदारद हुए पड़ोसी
सोमवार की रात जब यह घटना घट गई तो कई पड़ोसी वहां से नदारद हो गए। बताया जा रहा है कि ऐसा उन्होंने पुलिस की पूछताछ से बचने के लिए किया जो कि चर्चा का विषय बना रहा।
-----
वर्जन.....
मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आलाकत्ल लकड़ी की फंटी को बरामद कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। -विपिन कुमार सिंह एसओ, पलियाकलां-खीरी