जिले में यूपी 100 में लगे पुलिसकर्मियों को शीघ्र ही बड़ी राहत मिलने वाली है। अब तक उन्हें दो शिफ्टों में 12 घंटे की ड्यूटी करनी पड़ती है, लेकिन अब उन्हें तीन शिफ्टों में आठ-आठ ही घंटे ड्यूटी करनी होगी। पुलिस महकमे ने इसको लेकर जिले में तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिले में वर्ष 2016 में लागू हुई यूपी 100 पुलिस सेवा के तहत जिले को आठ इनोवा और 58 बोलेरो मिली थीं। पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) के आने के बाद लोगों को जहां काफी सहूलियत मिली है, वहीं अपराधों पर अंकुश लगाने में भी थानों को काफी हद तक मदद मिली है। वर्तमान समय में पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दो शिफ्टों में 12-12 घंटे ड्यूटी करनी पड़ती है। इससे पुलिसकर्मियों को काफी दिक्कतें होती हैं। पुलिस महकमा पीआरवी पर तैनात कर्मचारियों की दिक्कतों को देखते हुए ड्यूटी रोस्टर में बदलाव करने जा रहा है, जिसमें अब दो के स्थान पर तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई जाएगी। एक शिफ्ट में आठ घंटे की ही ड्यूटी रहेगी। इससे पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
पहले सीतापुर फिर लखनऊ में होगा प्रशिक्षण
यूपी 100 पुलिस के बेड़े में शामिल होने वाली करीब 50 बाइक को लेकर 79 सिपाही और 79 होमगार्डों को पुलिस लाइन में सात दिनी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण को प्राप्त करने के बाद प्रशिक्षुओं को पहले सीतापुर और उसके बाद लखनऊ में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद जिले को मिलने वाली यूपी 100 बाइक का प्रशिक्षित पुलिसकर्मी संचालन कर सकेंगे।
यूपी 100 पर तैनात पुलिसकर्मियों से तीन शिफ्टों में आठ-आठ घंटे ड्यूटी लेने को लेकर तैयारियां चल रही हैं। इसे शीघ्र ही जिले में लागू किया जाएगा। हाल ही में यूपी 100 के बेड़ेे में शामिल किए गए पुलिसकर्मियों का सात दिवसीय प्रशिक्षण जिला मुख्यालय पर चल रहा है। इसके बाद उन्हें सीतापुर और लखनऊ में भी प्रशिक्षित किया जाएगा।
- डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी