ट्रक चालक की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रक मालिक और उसके एक साथी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। बता दें कि सह चालक ने ट्रक मालिक और साथियों पर उनकी पिटाई करने का आरोप लगाया था। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
शाहजहांपुर के गांव हकीमपुर निवासी 30 वर्षीय सुखवीर सिंह पुत्र भजन सिंह की इलाज के दौरान सीएचसी में मौत हो गई थी। उसके मामा व इसी ट्रक पर चालक कश्मीर सिंह ने आरोप लगाया था कि रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में बुधवार की देरशाम ट्रक मालिक और उनके साथियों ने जमकर पिटाई की थी। जिसमें वह दोनों बुरी तरह जख्मी हो गए थे। इलाज के बाद वह उस रात घर चले आए और फिर अगली सुबह बृहस्पतिवार को सुखवीर की हालत बिगड़ गई। उसे फिर सीएचसी ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस मृतक के घरवालों का इंतजार कर रही थी, जो बृहस्पतिवार की देर रात यहां पहुंचे। मृतक के पिता भजन सिंह ने ट्रक मालिक और उनके एक साथी के खिलाफ तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या, मारपीट आदि कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एसओ केपी सिंह के मुताबिक तहरीर पर भानू और शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। जिसकी जांच की जा रही है।