जिले में 24 घंटे के दौरान हुए सड़क हादसों में मां-बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
मोहम्मदी। थाना क्षेत्र में रविवार को देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटी की मौत हो गई। जबकि बाइक चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चालक मौके से फरार हो गया।
पसगवां थाना क्षेत्र के जंगबहादुरगंज निवासी अंकित दीक्षित अपनी पत्नी 28 वर्षीय पूनम दीक्षित और पांच वर्षीय पुत्री मान्या के साथ रविवार की शाम को मोहम्मदी से वापस बाइक से लौट रहे थे। मोहम्मदी-शाहजहांपुर मार्ग पर रास्ते में सहदेवा गांव के पास पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें पांच वर्षीय मान्या की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल जबकि 28 वर्षीय पूनम और उसके पति अंकित को सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टर ने पूनम को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अंकित को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
फरधान थाना क्षेत्र के गांव गड़रूआ निवासी 70 वर्षीय रामचंद्र वर्मा शनिवार की शाम को बारात में शामिल होने के लिए पैदल ही जमैठापुरवा जा रहे थे। रास्ते में गूमचीनी-जमैठा मार्ग पर पीछे से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। मामले की सूचना पाकर फरधान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। दूसरी घटना ओयल में बेहजम तिराहे पर हुई, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सीतापुर के तालगांव थाना के गांव तेंदुआ निवासी प्रहलाद अपनी पत्नी और भतीजे ओमकार के साथ दवा लेकर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में बेहजम तिराहे पर सामने से आ रही कार से बचने के प्रयास में बाइक असंतुलित हो गई, जिससे महिला सड़क पर गिर गई। तभी पीछे से आ रही कार का पहिया महिला के सिर से गुजर गया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महेवागंज। सदर कोतवाली के बुढनापुर (महेवा) निवासी कोटेदार जमुनादीन का पुत्र 28 वर्षीय रामजी शनिवार शाम बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में मोहारीबाग के निकट उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरे बाइक सवार शहर के लालता क्रेशर मोहल्ला निवासी वसीम की बाइक से जा भिड़ी। हादसे में दोनों बाइक के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज समीर जावेद ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा और घर वालों को सूचना दी। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख रामजी को लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिवार वाले शव वापस ले आए और अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।