नीमगांव थाना क्षेत्र में हुए दो हादसे
थाना नीमगांव क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों में दो युवकों की मौत हो गई है। जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए लखनऊ अाैर लखीमपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
ट्रैक्टर पलटने से एक की मौत
टिकौला गांव निवासी जगतपाल और 20 वर्षीय रामहर्ष विश्वकर्मा उर्फ दीपक मंगलवार की शाम को लोहे के गाटर (शटरिंग) से भरा ट्रैक्टर-डनलप लेकर मदारपुर जा रहे थे। रास्ते में गोला-कस्ता मार्ग पर उमरपुर गांव के पास ट्रैक्टर-डनलप अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें गाटर के नीचे दबकर रामहर्ष और जगतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बेहजम सीएचसी भेजा गया, जहां डाक्टर ने रामहर्ष को मृत घोषित कर दिया। जबकि जगतपाल को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर किया गया है। मृतक रामहर्ष के पिता की सूचना पर पुलिस ने चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत
नीमगांव क्षेत्र के गांव अटवा निवासी धीरेंद्र कुमार अपने रिश्तेदार खजुहा निवासी 22 वर्षीय राहुल के साथ बाइक से बुधवार की सुबह घर लौट रहा था। रास्ते में भदूरा गांव में पीछे से आई स्कार्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि भाजपा का झंडा लगी स्कार्पियो को छोड़कर चालक भाग निकला। सूचना मिलने पर सिकंद्राबाद चौकी इंचार्ज सूर्यमणि यादव ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया और मौके से स्कार्पियो को अपने कब्जे में लिया है। उधर, जिला अस्पताल में दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां 22 वर्षीय राहुल की मौत हो गई है। जबकि धीरेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर बाइक सवार घायल
राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर पसगवां कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहिउद्दीनपुर चौराहे पर गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
रेलवे कॉलोनी रौजा शाहजहांपुर निवासी हरिओम 25 अपने चचेरे भाई अशोक कुमार के साथ बाइक से ग्राम सैंडा घान लगन लेकर आया था। सैंडा से घर वापस लौटते समय मोहिउद्दीनपुर चौराहे पर बाइक को गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी, जिसके बाइक चला रहे हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गया। बाएं हाथ में गंभीर चोट लगी। घायल को 108 एंबुलेंस से पीएचसी जेबीगंज लाया गया, लेकिन वहां चिकित्साधिकारी और फार्मेसिस्ट नहीं मिले। बताया गया कि वे अपने घर लखनऊ तथा सीतापुर चले गए। घायल को सीएचसी पसगवां लाया गया पसगवां में प्राथमिक उपचार के बाद घायल हरिओम को जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया। बाइक हरिओम चला रहा था। अशोक को कोई चोट नहीं आई। ट्रैक्टर चालक फरार हो गया है। उचौलिया चौकी पुलिस ने गन्ना भरा ट्रैक्टर ट्रॉली अपने कब्जे में ले ली है।
पलिया निघासन राेड पर बाइक सवार जख्मी
पलिया-निघासन रोड पर बोझवा गांव के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि संपूर्णानगर में हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों को इलाज के लिए पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया यहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बेला खुर्द निवासी सुनील की 28 वर्षीय पत्नी मंजीत तथा बिंद्रा प्रसाद का 55 वर्षीय पुत्र अशर्फी किसी काम से पलिया आ रहे थे। इस दौरान बोझवा गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं संपूर्णानगर में जामा मस्जिद के पास रहने वाले मोहम्मद जाकिर कुरैशी सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। जिसको पलिया अस्पताल लाया गया। यहां से लखीमपुर रेफर कर दिया गया। इससे पहले भी जाकिर सड़क दुर्घटना में घायल हो चुके हैं।