तहरीर के बाद भी पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट
गांव बीरसिंहपुर निवासी शिक्षक उमेशचंद्र श्रीवास्तव के घर में घुसे चोर 28 हजार रुपये की नकदी-जेवर समेत लाखों का सामान चोरी कर ले गए। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
गांव बीरसिंहपुर निवासी शिक्षक उमेश चंद्र श्रीवास्तव अपने भाई दुर्गेश के साथ लखीमपुर गए थे। घर पर उनके बुजुर्ग पिता प्रयाग सहाय और उनकी पत्नी थीं। सभी लोग सो रहे थे। चोर घर के पीछे दीवार के सहारे छत पर चढ़ गए और साड़ियों के रास्ते घर के अंदर घुस गए। चोरों ने बुजुर्ग और उनकी पत्नी जिन कमरों में सो रहीं थीं, उनको बाहर से बंद कर दिया। दो कमरों का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और कमरे के अंदर रखी अलमारी का लॉक तोड़कर 28 हजार रुपये, सोने के दो झाले, आठ अंगूठी, नाक के फूल, तीन जोड़ी टॉप्स, मांगबेंदी, चांदी की चेन, एक जोड़ी पायल, छह जोड़ी बिछिया, एलसीडी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। रविवार सुबह जब बुजुर्ग सोकर उठे तो दरवाजा बाहर से बंद था। काफी हिलाने के बाद जब दरवाजा खुला तो देखा कि चोरों ने तार के सहारे दरवाजा बंद किया था। आशंका होने पर जब वह कमरों में गए तो बिखरा सामान देख उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना पर उमेश और दुर्गेश भी गांव पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की।