मोहम्मदी-गोला मार्ग पर गोमती मोड़ के निकट सेमल के पेड़ की डाल पर 40 वर्षीय युवक की गमछे से लटकती लाश मिली। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गोमती मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े एक सेमल के पेड़ से लाश लटकने की सूचना गांव गरदहा निवासी जहीर खां ने दी। जिस पर मंगलवार सुबह कोतवाली प्रभारी सीबी सिंह, रेहरिया चौकी इंचार्ज पारसनाथ यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लाश को उतरवाया। उन्होंने बताया कि युवक ने गमछे से फांसी लगाई है। उसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। मृतक जामुनी रंग की टी शर्ट और सफेद पेंट पहने हुए है। पास पड़ोस के गांवों में भी पहचान कराई जा रही है लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही पता चल सकेगा।