एक युवक ने रविवार की देरशाम अपने दो सौतेले भाइयों को शारदा नहर में धकेल दिया, इसमें 12 वर्षीय विकास बच निकलने में कामयाब रहा, जबकि उसका छोटा भाई सात वर्षीय बृजेश डूब गया। गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन अभी कामयाबी नहीं मिली है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया हैै और उसके पिता की तहरीर पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के मुड़िया खुर्द निवासी रामसागर की पहली पत्नी की 20 साल पहले मौत हो चुकी है, जिससे दो बच्चे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पहली पत्नी की मौत के पांच वर्ष बाद रामसागर ने दूसरी शादी कर ली, जिससे दो बच्चे विकास और बृजेश हैं। वहीं पहली पत्नी का पुत्र रंजीत अपनी ननिहाल पनगी कला थाना खीरी में रहता है, जिसने कुछ दिन पहले पिता से पांच हजार रुपये मांगे। पिता रामसागर ने पैसे न होने की बात कहकर बात को टाल दिया, जिससे नाराज होकर उसने अपने सौतेले भाइयों को मारने का प्लान बनाया। रविवार को रंजीत बाइक से मुड़िया खुर्द पहुंचा, जहां उसने अपनी सौतेली मां से दोनों सौतेले भाइयों को सुंदरवल में मेला दिखाने की बात कही। इसके बाद मां ने दोनों बेटों को रंजीत के साथ भेज दिया। रंजीत दोनों सौतेले भाइयों को लेकर पहले लखीमपुर आया, फिर अंधेरा होने का इंतजार करता रहा। इसके बाद रंजीत दोनों भाइयों को लेकर शारदानगर पहुंचा, लेकिन वहां भीड़ देखी तो उसने शारदा नहर पटरी पर कुछ दूर चलने के बाद घाटमपुर गांव के सामने बाइक खड़ी कर दोनों भाइयों को पानी की धार दिखाने के बहाने नहर के किनारे ले गया, जहां मौका पाकर उसने दोनों सौतेले भाइयों को धक्का देकर नहर में गिरा दिया। दोनों भाई संभलकर नहर के किनारे आ गए, लेकिन रंजीत ने दोनों को फिर नहर में धक्का दे दिया।
रंजीत को जब भरोसा हो गया कि दोनों बालक डूब गए हैं तो वहां से निकल गया। जब रंजीत चला गया, तो विकास नहर से बाहर निकला। जबकि उसका भाई सात वर्षीय बृजेश तेज धार में बह गया।
नहर से निकलने के बाद विकास पास के गांव घाटमपुर पहुंचा और लोगों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद विकास के पिता रामसागर को घटना की जानकारी हुई। रविवार रात करीब एक बजे रामसागर शारदानगर पुलिस चौकी पहुंचा, जहां से चौकी इंचार्ज जनार्दन प्रताप सिंह के साथ वह घाटमपुर पहुंचा। इसके बाद गोताखोरों की मदद से डूबे बालक बृजेश को खोजने का प्रयास शुरू हुआ। सोमवार को कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस और गोताखोरों ने लहरपुर तक खोजबीन की लेकिन डूबे बालक के संबंध में सफलता नहीं मिली।
लापता हुए बालक की तलाश में गोताखोरों को लगाया गया है। सोमवार को काफी दूरी तक खोजबीन कराई गई, लेकिन डूबे बालक का पता नहीं चला। आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
-अरविंद सेन, एसपी