पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
फूलबेहड़ के बड़ागांव भूड़ में एक किशोरी ने कमरे की छत के कुंडे से लटक कर जान दे दी। सोमवार सुबह पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। घटना की वजह घरेलू कलह बताई जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
शारदा बंधे के अंदर बसे बड़ागांव भूड़ निवासी साधूराम की पुत्री 15 वर्षीय अंजली रविवार रात कमरा बंद कर फांसी पर लटक गई। सोमवार सुबह जब घर वालों की नींद टूटी तो कमरे की छत में लगे कुंडे से उसका शव लटका देख उनके होश उड़ गए। चीखपुकार होने पर गांव के लोग भी जमा हो गए। घर वालों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार वालों ने बताया कि दो तीन दिन से अंजली परेशान थी। एसओ बृजनाथ सिंह यादव ने बताया प्राथमिक जांच पड़ताल में पारिवारिक कलह के चलते किशोरी के आत्महत्या करने की बात सामने आई है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति साफ होगी।