पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं हुई रेप की पुष्टि
डॉक्टर ने बनाई स्लाइड, पुलिस ने जांच को भेजा
थाना नीमगांव के एक गांव निवासी 55 वर्षीय महिला की हत्या गला दबाकर की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके प्राइवेट पार्ट पर कोई इंजरी नहीं मिली है। जिससे रेप की पुष्टि नहीं हो सकी है। डॉक्टरों ने स्लाइड बनाकर पुलिस को दी है, जिसे लखनऊ स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। उधर एएसपी ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सिकन्द्राबाद पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव की महिला 28 जुलाई को शाम पांच बजे खेत पर तोरई तोड़ने गई थी। अगले दिन सुबह तलाश के दौरान उसका शव नग्नावस्था में एक खेत से मिला था। मृतका के पति की ओर से पुलिस ने हत्या, रेप और शव छुपाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शुक्रवार की देर शाम एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी भी गांव पहुंचे और मृतक के परिवार वालों और आसपास के ग्रामीणों ने घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या होने की पुष्टि की गई है। महिला के आंतरिक अंगों में कोई इंजरी नहीं मिली है। डॉक्टरों ने स्लाइड बनाकर पुलिस को सौंपी है, जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
एसओ नीमगांव का कहना है कि अवकाश से आज ही आया हूं। विवेचना ग्रहण कर जांच शुरू कर दी है। रेप की पुष्टि नहीं हुई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।