कंप्यूटर सीखने गांव से शहर आ रही थी
साइकिल से कंप्यूटर सीखने शहर आ रही 20 वर्षीय दलित छात्रा को गांव के ही दो युवक गलत नीयत से खींचकर गन्ने के खेत में ले गए। छात्रा दोनों युवकों से भिड़ गई और किसी तरह उनके चंगुल से बाहर आ गई। लेकिन इस दौरान आरोपियों ने उसके सिर, गर्दन और चेहरे पर हंसिया मारकर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने जानलेवा हमले सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सदर कोतवाली की रामापुर चौकी क्षेत्र की बीए द्वितीय वर्ष की पीड़ित छात्रा ने बताया गुरुवार की सुबह वह साइकिल से जा रही थी। गांव से आधा किलोमीटर दूर गन्ने के खेत के पास गांव के अंगलेश वर्मा और राजेश कोरी ने उसकी साइकिल रोकी और उसे गन्ने के खेत में खींच ले गए। छेड़छाड़ कर दुराचार का प्रयास किया। इस पर वह दोनों से भिड़ गई। मौका पाकर जब वह खेत से भागी तो आरोपियों ने उसके सिर, गर्दन और चेहरे पर हंसिया मार दिया। शोर मचाते हुए कुछ दूर स्थित सिख फार्मर के झाले पर पहुंचकर उसने जान बचाई। सूचना मिलने पर घर वाले पहुंचे और फिर उसे थाने लेकर गए। वहां से उसे इलाज को जिला अस्पताल भेजा गया। एक आरोपी अंगलेश को गिरफ्तार कर लिया गया है, दूसरा फरार है।