जिले में रविवार की रात चोरों के नाम रही, जिसमें कई थाना क्षेत्रों में चोरों ने नकब और ताले तोड़कर घरों और दुकानों को निशाना बनाया। इन जगहों से चोरों ने हजारों की नकदी और लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। आधा दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत मे हैं, तो चोरों की सक्रियता ने पुलिस गश्त पर भी सवाल उठा दिए हैं।
गोला गोकर्णनाथ। नगर की मोहम्मदी रोड पर रविवार की रात पटेल नगर के निकट गुरुनानक मशीनरी एवं मिल स्टोर के ताले तोड़कर चोरों ने मोबिल ऑयल, ग्रीस आदि करीब 15 लाख का सामान ट्रक में भर लिया। पड़ोस के होटल में सो रहे कर्मचारी के शोर मचाने पर चोर ट्रक सहित मोहम्मदी की ओर भाग गए। होटल कर्मी ने इसकी सूचना दुकान मालिक मुलकराज को दी, जिन्होंने डेढ़ बजे आकर दुकान के हालात देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रात में ही मौका मुआयना कर पड़ोस के राधे पेट्रोलियम पर लगे सीसीटीवी कैमरे में फुटेज देखे, जिसमें ट्रक भरा हुआ जाता दिखाई दिया। हालांकि उसके नंबर स्पष्ट नहीं हो सके। दुकान मालिक ने पुलिस में तहरीर दी है।
इसी क्रम में हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कपरहा में बसीर खां सात सालों से अंबेडकर मूर्ति के पास मकान बना कर रह रहे हैं, जहां रविवार रात बदमाशों ने उनके घर में घुस कर उनकी लाइसेंसी रायफल से कारतूस निकाल लिए और उसके बाद उनके पुत्र गुड्डू के कमरे में घुस कर उनके कमरे में रखी तिजोरी का ताला तोड़कर सोने के तीन हार, चार कंगन, चार मांगबेदी, तीन जोड़ी झुमकी, नाक की दो नथनी, सोने की नौ अंगूठी, दो जोड़ी कुंडल, कान के झाले, चार मंगल सूत्र, 16 कारतूस लेकर भाग निकले।
उसके बाद चोरों ने उनके छोटे पुत्र मैराज और बहू के कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी। सुबह करीब दो बजे बिजली आने पर पानी का मोटर चलाने के लिए गृहस्वामी जगे, तब सामान बिखरा देख कर दंग रह गए। इधर, चोर अनीस खां के घर में घुस कर दो बड़े बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवरात सहित दो लाख का सामान फरार होने लगे। गृहस्वामी के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बंदूक से फायर किए, तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान नीरज शुक्ला ने थाना हैदराबाद प्रभारी अजय यादव को घटना की जानकारी दी। गृहस्वामियों की तहरीर पर हैदराबाद पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पलियाकलां। शहर से सटे गांव निहालीपुरवा में चोरों ने दो घरों से हजारों रुपये का माल पार कर दिया। चोरों ने पूर्व प्रधान बनवारी के घर घुसकर बक्सा पार कर दिया। बक्से में सोने की झुमकी, टप्स, चांदी की पायल और करीब 35 हजार रुपये की नकदी रखी थी। इसके बाद चोरों ने यहां के निवासी महेश के घर पर धावा बोला और उसका भी बक्सा उठा ले गए। इसमें टाप्स, चांदी की पायल, 15 हजार रुपये नकद रखे थे। चोरों ने बक्सों को खाली कर खेत में डाल दिया और माल लेकर फरार हो गए। चोरी की सूचना पीड़ितों ने पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
बांकेगंज। रविवार रात बेखौफ चोर सीएचसी वार्डब्वाय केेे घर सेंध लगाकर हजारों का माल उड़ा ले गए। कस्बा स्थित सीएचसी परिसर में वार्ड ब्वाय सुरेश कुमार के घर चोर कॉलोनी के पिछले हिस्से से सेंध लगाकर घुसे। कमरे में घुसकर चोर वहां खड़ी एक साइकिल, दो हजार रुपये नकद, पायल सहित कपड़े चुरा ले गए। परिवार वालों को इसकी जानकारी सुबह जागने पर हुई। सुरेश ने इसकी सूचना पुलिस चौकी को दी है।
असलहों के बल पर की लूटपाट
खमरिया। रविवार की रात कसबे के बीबीएलसी इंटर कॉलेज के हास्टल में करीब 2.30 बजे एक दर्जन बदमाशों ने धावा बोलकर असलहों के दम पर कमरा नंबर 6 खुलवाया और बम्भौरी निवासी कक्षा 12 के छात्र संदीप से 500 रुपये लूट लिए। इसके बाद इसी कमरे के कक्षा 11 के छात्र कपिल, कक्षा 9 के छात्र राकेश को असलहों के दम पर चुप कराकर कमरे की तलाशी ली। इसके बाद रसोइया रामऔतार का कमरा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन उसने कमरे में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और जोर-जोर से शोर मचाने लगा तो बदमाशों ने कमरे की खिड़की से असलहा दिखाते हुए उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप कराया।
बाद में बदमाश पड़ोस में रखे वेदप्रकाश के खोखे से किराने का सारा सामान बटोर ले गए। यही सहायक अध्यापक हरेंद्र राम के कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे सामान पर हाथ साफ किया। हरेंद्र अपने घर आजमगढ़ गए हैं जिससे नुकसान की जानकारी नहीं हो सकी। एक घंटे लूटपाट के बाद बदमाश पड़ोस की बस्ती में ज्ञान प्रकाश शुक्ला के घर पीछे की दीवार फांद कर दाखिल हुए। नकदी और कपड़े लेकर फरार हो गए। इसके बाद बदमाशों ने पड़ोस के सोवरन अवस्थी के घर को निशाना बनाया, जहां से एक हजार नकद, मोबाइल और कपड़े लेकर बदमाश फरार हो गए। खमरिया चौकी प्रभारी जनार्दन प्रसाद ने बताया एक घटना की जानकारी है, लेकिन अब तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।