- शाम को गांव पहुंचे शव, मचा कोहराम
- शवों को देखने ग्रामीणों की उमड़ी भीड़
थाना हैदराबाद क्षेत्र में शनिवार को ट्रैक्टर और ट्रॉली में हुई जबरदस्त टक्कर में मौत की मुंह में समाए एक ही परिवार के लोगों के शव जब पोस्टमार्टम के बाद थाना मोहम्मदी के गांव बिचपरी पहुंचे तो गांव में चीखपुकार मच गई। आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ शवों को देखने उमड़ पड़ी। दूसरे दिन भी गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा।
शनिवार की शाम लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर आंवला के पास ट्रॉली और बोलेरो में भीषण टक्कर हो गई थी। हादसे में बोलेरो चालक शाहजहांपुर के गांव तकेली निवासी वीरेश, उसकी पत्नी किरन, गांव समलिया निवासी सीमा, गांव बिचपुरी निवासी उसकी ससुराल की मुन्नी देवी, यशोदा देवी और श्रीराम की मौत हो गई थी, जबकि उसके ससुर चेतराम, लज्जादेवी, बिटरानी और शांतीदेवी घायल हो गई थीं। इनमें शांती देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। पोस्टमार्टम के बाद जब शाम को शव गांव पहुंचे तो शवों को देखकर परिवार में चीखपुकार मच गई। आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में लोग भी शवों को देखने पहुंचे। लोग बिलख रहे परिवार वालों को होनी का हवाला देकर उन्हें ढांढस बंधा रहे थे। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ था।
घरों में नहीं जले चूल्हे
गांव बिचपरी में दूसरे दिन भी मातमी सन्नाटा पसरा रहा। इस हादसे से सभी लोग दुखी थे और उनकी आंखों में आंसू भरे हुए थे। हादसे की रात से लेकर दूसरे दिन भी कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। पूरे गांव का मंजर एकदम बदला हुआ था। हादसे से लोग काफी आहत दिखे।
जवानों के लिए सबक भी है यह हादसा
हाईस्पीड और रफ ड्राइविंग करने वालों के लिए यह हादसा एक सबक है। खासकर नौजवान तबका हवा से बातें करते वाहनों को दौड़ाना अपनी शान समझते हैं। जरा सी चूक इन जैसे हादसों का सबब बनती है।
हादसे में बिखर गया नत्थू का पूरा परिवार
गांव बिचपरी निवासी नत्थू कोरी के छह पुत्र हैं। इस हादसे में पांच पुत्रों के परिवार में किसी न किसी की मौत हो गई है। उनके बड़े पुत्र रामकिशुन की पहले ही मौत हो चुकी है। शनिवार को उनकी पत्नी यशोदा देवी, दूसरे नंबर के पुत्र चेतराम के बेटी किरन और दामाद वीरेश भी चल बसे, जबकि चेतराम जख्मी है। तीसरे नंबर के पुत्र श्रीराम, उनकी पुत्री सीमा, पांचवें नंबर के भाई कमलेश की पत्नी मुन्नी देवी काल के गाल में समा गई।
राजनीतिक दलों के लोगों का लगा रहा जमावड़ा
हादसे से लोग दहल उठे हैं। गांव में राजनीतिक दलों के लोगों का जमावड़ा लगा रहा। भाजपा नेता विनोद मिश्रा, लोकेंद्र प्रताप सिंह, मनोज वर्मा, डॉ. विजय पाठक, अंकुर यादव, श्याम किशोर अवस्थी, संदीप मेहरोत्रा, राहुल राणा, सौरभ गुप्ता, ज्योतिर्मय बरतरिया, आलोक वर्मा, रंजीत वर्मा प्रमुख हैं। नेताओं ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और यथासंभव मदद का अश्वासन दिया।
चालक के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
ममरी। थाना हैदराबाद क्षेत्र के गांव आंवला के पास हुए भीषण हादसे की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज कर ली है। एसओ पीके सिंह ने बताया कि रिपोर्ट शाहजहांपुर के तकेली निवासी मृतक चालक वीरेश के पिता छोटे लाल की ओर से अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने ट्रॉली को कब्जे में लिया है।