जिले के गोला और मैलानी में शुक्रवार की रात चोरों ने कई दुकानों के ताले तोड़कर हजारों की नगदी और सामान चोरी कर लिया। दोनों जगहों पर चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया, लेकिन अभी तक किसी भी घटना के आरोपी नहीं पकड़े गए हैं।
गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर रोड स्थित श्रीनरायन लोहा भंडार नाम से विपिन लोहिया की सरिया, सीमेंट की दुकान है। रात को एक चोर ने दुकान का ताला तोड़कर 1200 रुपये और चांदी के दो सिक्के चोरी कर लिए हैं। दुकान में लगे सीसीटीवी में चोर की तस्वीर भी कैद हुई है। वहीं खुटार रोड स्थित मां मंगला स्वीट हाउस के चैनल का ताला तोड़कर चोरों ने दो गैस सिलेंडर चोरी कर लिए हैं। दोनों चोरी की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी गई है।
दो दुकान में चोरी, दो में किया प्रयास
मैलानी। चोरों ने बीती रात मेन मार्केट में रेलवे की भूमि में स्थित दो दुकानों में हजारों की नगदी समेत तमाम सामान चोरी लिया, जबकि दो दुकानों में चोरी की कोशिश की गई। एक ही रात में हुई इन घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
मेन मार्केट में ही रेलवे की भूमि पर कई दुकानें आवंटित हैं। चोरों ने बीती रात इन्हीं दुकानों को अपना निशाना बनाया। रेलवे की आवंटित दुकानों पर रेलवे के नियमों के मुताबिक लिंटर नहीं डाला जा सकता है, लिहाजा इन दुकानों की छतों पर टिन या लोह की टीनें पड़ी हैं। चोरों ने रात में वर्मा जनरल स्टोर तथा शब्बू किराना स्टोर की टिनें काट दी। चोरों ने वर्मा जनरल स्टोर से 20 हजार के रिचार्ज कूपन, 10 हजार की नगदी और शब्बू किराना स्टोर की दुकान में रखी पांच हजार की नगदी पार कर ली। इसके अलावा जमील कुरैशी तथा हसीब कारपेंटर की सीमेंट की चादरें तोड़ दीं। जमील कुरैशी और हसीब कारपेंटर की दुकान में चोरी नहीं हुई। शनिवार को साप्ताहिक बंदी का दिन होने के कारण सुबह देर से शब्बू ने अपनी दुकान खोली तो चोरी का पता चला। उसके बाद अन्य दुकानदारों ने ऊपर चढ़कर देखा तो अन्य दुकानों में हुई घटनाओं का पता चला। सूचना पाकर एसओ आशुतोष मिश्रा ने घटनास्थल का मुआयना किया। एक ही रात में हुई इन घटनाओं से इस घटना से आक्रोशित व्यापारियों राजू कारपेंटर, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील चोपड़ा, महामंत्री अमित अरोरा आदि ने एसओ से पलिया बस स्टैंड तिराहे पर रात्रि को पुलिस पिकेट की तैनाती की मांग की। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बाजार से बाइक चोरी
गोला गोकर्णनाथ। मोहल्ला जगदंबा कॉलोनी निवासी सुंदरलाल शनिवार को बाइक से मिल रोड स्थित दुकान पर सामान खरीदने गए थे। सामान खरीदकर जब वह आए तो बाइक गायब थी। काफी खोजबीन करने के बाद बाइक स्वामी ने चोरी की सूचना पुलिस को दे दी है।