भाजपा नेता के घर से खाना और राशन भी साथ ले गए
करीब छह नकाबपोश बदमाशों ने पलिया थाना क्षेत्र के गांव इटैइया निवासी भाजपा नेता सुनील राठौर के घर रविवार की रात में धावा बोल दिया और घर के सभी सदस्यों को बांधकर 30 हजार रुपये की नकदी सहित करीब ढाई लाख रुपये के जेवर लूट ले गए। इतना ही नहीं पुलिस से बेखौफ बदमाश घर में बना हुआ खाना और राशन भी ले गए। पुलिस ने मौका मुआयना कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम इटैइया निवासी भाजपा नेता सुनील राठौर परिवार के साथ रहते हैं। बताते हैं कि सुनील राठौर किसी काम से बाहर गए थे। रविवार की देर रात करीब 12.30 बजे छह से अधिक नकाबपोश बदमाश घर के भीतर उतर गए। इसके बाद उन्होंने बाहर सो रहे रंजीत को गन प्वाइंट पर ले लिया और उन्हें जगाकर उसकी मां प्रेमा देवी, सरिता, संगीता, तनु, मनु, शुभ, आर्यन आदि को एक कमरे में बंद कर दिया और करीब ढाई घंटे तक घर को जमकर खंगाला। इस दौरान बदमाशों ने लगभग 30 हजार रुपये की नकदी, चांदी की पायल, सोने के पैंडिल, झाले, एक किलो चांदी, झुमकी सहित करीब ढाई लाख रुपये के जेवर लूट लिए। इसके साथ ही साड़ियों और अन्य कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। बदमाशों ने घर में बना हुआ रखा खाना और राशन को भी समेट लिया और परिवार वालों को कमरे में बद कर भाग गए। बदमाशों के जाने की आहट मिलने पर घरवाले किसी तरह आजाद हुुए और शोर मचाया। तब जाकर लोगों को घटना की जानकारी हुई। पुलिस सूचना के करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। जिससे लोगों में गुस्सा है। रघुनाथ के पुत्र रंजीत की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के खिलाफ फूटा भाजयुमो और ग्रामीणों का गुस्सा, प्रदर्शन
बीते दो महीनों में शहर समेत ग्रामीण अंचल में तमाम चोरियों, हत्या और इटैया गांव में डकैती की वारदात से भाजयुमो और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने भाजयुमो जिलामंत्री उदयवीर सिंह, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर महामंत्री कुलदीप कश्यप के नेतृत्व में पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि बीते दो महीनों से गांव में रात में गश्त नहीं की जा रही है। डकैती की वारदात होने के बाद भी पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची। प्रदर्शन करने वालों में ननकू, सतीश, परशुराम, पंकज, सालिगराम, प्रदीप, मनमोहन, नत्थूलाल, अनिल, छोटकन्ना, रामप्रताप, प्रेम गिरि, रामू, परागीलाल, दयाराम, कंधई, कुलदीप, बाबूराम सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।