लालपुर तिराहे पर झोलाछाप डॉक्टर के क्लीनिक में चल रहे भ्रूण हत्या के धंधे का शनिवार की देर शाम भंडाफोड़ हो गया। सीएमओ डॉ. वीएस चौहान, तहसीलदार नीरज प्रसाद और महिला एसओ कमर सुल्ताना की संयुक्त छापामार कार्रवाई में एक अविवाहित युवती का गर्भपात करते हुए झोलाछाप डॉक्टर लक्ष्मी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। गंभीर हालत में युवती को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसको लखनऊ रेफर कर दिया गया। रविवार देर शाम गर्भपात करने वाली झोलाछाप महिला डॉक्टर के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस पूरे मामले की जांच एलआरपी चौकी इंचार्ज पीएन यादव को सौंपी गई है।
सीओ सिटी एमपी सिंह के मुताबिक इस मामले में सीएमओ डॉ. वीएस चौहान की तहरीर पर पुलिस ने लक्ष्मी के खिलाफ आईपीसी की धारा 312/511, इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा 15 (3) और मेडिकल प्रेग्नेंसी सेफ्टी एक्ट की धारा 5 (2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
भंसड़िया स्थित कांशीराम कॉलोनी में रहने वाली लक्ष्मी करीब एक साल से लालपुर तिराहे स्थित किराए की दुकान में खोले गए क्लीनिक में महिलाओं का गर्भपात कर रही थी। शनिवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की अविवाहित छह माह की गर्भवती युवती झोलाछाप डॉक्टर की दुकान पर गर्भपात कराने पहुंची, जहां देरशाम उसकी हालत बिगड़ गई। इसकी सूचना किसी ने सीएमओ को दी, जिसके बाद अधिकारियों ने दुकान पर छापा मार दिया। दुकान को सील करने के साथ ही आरोपी लक्ष्मी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गर्भपात कराने वाली युवती को गंभीर हालत में महिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. मीनाक्षी वर्मा ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
...तो आशाओं के जुड़े हैं तार
शहर के व्यस्ततम रोड पर करीब एक साल से संचालित अवैध क्लीनिक और भ्रूण हत्या करने वाली लक्ष्मी के तार महिला अस्पताल की आशाओं से जुड़े हो सकते हैं। विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि महिला अस्पताल में दलाल काफी समय से सक्रिय हैं, जो मरीजों को बहला फुसलाकर ऐसी जगहों पर भेजती हैं। सूत्रों की मानें तो कई और अवैध क्लीनिक भ्रूण हत्या के धंधे में शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. वीएस चौहान ने बताया कि आरोपी झोलाछाप डॉक्टर के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। यह धंधा कब से और किसके संरक्षण में चल रहा था, इसकी भी जांच कराई जाएगी।